मेरठ

राज्यसभा चुनाव: पश्चिमी UP से मोदी-योगी की खास इस दलित नेता का राज्यसभा जाना तय

भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को इस खुशखबरी के लिए 23 मार्च का इंतजार है।

2 min read
Mar 22, 2018
Modi-Yogi

मेरठ। 23 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए एक खुशखबरी आने वाली है। दरअसल पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ की रहने वाली 53 वर्षीय दलित नेता कांता कर्दम को भाजपा ने अपना राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है। उत्तर प्रदेश विधानसभा में भाजपा विधायकों के संख्याबल को देखते हुए इनका जीतना तय है। कांता कर्दम वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश की प्रदेश उपाध्यक्ष हैं।

यह भी पढ़ें-बड़ी खबर: आजम खान और उनके विधायक बेटे सपा से कर सकते हैं किनारा, बुलावे पर भी नहीं पहुंचे अखिलेश के यहां

लम्बे समय से भाजपा में विभिन्न पदों पर काम कर रही हैं। पिछले साल नवंबर-दिसंबर में संपन्न निकाय चुनाव में पार्टी ने उन्हें मेयर का टिकट दिया था लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले 2012 के विधानसभा चुनाव में भी वह भाजपा प्रत्याशी के तौर पर हस्तिनापुर (सुरक्षित) सीट से चुनाव लड़ चुकी हैं। दुर्भाग्य से उन्हें इस चुनाव में भी हार का सामना करना पड़ा था।

यह भी पढ़ें-450 साल पुराना है माता का यह मंदिर , दर्शन मात्र से ही पूरी हो जाती है मनोकामना

क्या है जीत का गणित
दरअसल भाजपा के पास सहयोगी दलों सहित 324 विधायक हैं। नरेश अग्रवाल के भाजपा में शामिल होने के बाद गुरुवार को उनके विधायक बेटे नितिन अग्रवाल भी भाजपा में शामिल हो चुके हैं। जिससे यह संख्या 325 हो चुकी है। उत्तर प्रदेश में एक राज्यसभा प्रत्याशी को जीत के लिए 37 विधायकों के वोट की जरूरत होती है। इस आधार पर भाजपा के 8 प्रत्याशियों का जीतना तय है।

9वें प्रत्याशी की जीत के लिए उसे आठ अन्य वोटों की जरूरत पड़ेगी। 23 मार्च को उत्तर प्रदेश से राज्यसभा की खाली हो रही 10 सीटों के लिए चुनाव होना है। सत्ताधारी भाजपा सहित सभी विपक्षी पार्टियां सपा, बसपा और कांग्रेस भी अपना-अपना वजूद बचाए रखने के लिए तमाम तरह की जोड़-तोड़ कर रही हैं।

करोड़ों रुपए की संपत्ति की हैं मालकिन
मेरठ की 53 वर्षीय तेज तर्रार नेता कांता कर्दम सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती हैं। उनके पास चल-अचल संपत्ति के तौर पर मेरठ के तेजगढ़ी में डेढ़ करोड़ रुपये का एक घर है। उनके पति वीर सिंह कर्दम के पास कुल 2.46 करोड़ रुपए मूल्य की कृषि योग्य भूमि के अलावा दिल्ली व मेरठ में दुकानें और घर है। बैंक खाते में नकद धनराशि के अलावा स्वर्ण के रूप में उनके पास 44.91 लाख रुपए की संपत्ति है। साथ ही पति के पास 91.04 लाख रुपए की संपत्ति है। इनके पति ने वर्ष 2016-17 में 13.11 लाख रुपए आयकर रिटर्न भरा था।

Updated on:
22 Mar 2018 05:10 pm
Published on:
22 Mar 2018 05:04 pm