मेरठ

हाईवे पर बदहवास मिली होटल मालिक की पत्नी तो पुलिस अफसराें के पसीने छूटे, देखें वीडियो

Highlights रामपुर समझ नौचंदी एक्सप्रेस से स्टेशन पर उतरी मंदबुद्धि होने के कारण परेशान रहे पुलिस अधिकारी जिला अस्पताल में कराया भर्ती, फिर परिजनों को सौंपा  
2 min read
Dec 06, 2019
meerut

मेरठ। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर बदहवास हालत में मिली महिला को लेकर पूरे दिन पुलिस के पसीने छूटते रहे। देर रात जाकर पता चला कि महिला रामपुर के होटल मालिक की पत्नी है। महिला मंदबुद्धि होने के कारण नौचंदी ट्रेन से कैंट स्टेशन पर उतर गई और रात में पैदल ही हाईवे तक पहुंच गई।

हाइवे पर महिला को सड़क किनारे बैठी देख लोगों को आश्चर्य हुआ। सफाई कर रहे लोगों ने महिला की खबर 112 पर दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पीआरवी महिला को कंकरखेड़ा थाने ले आई। जहां महिला ने बताया कि वह बरेली की रहने वाली है, लेकिन वह अपना पूरा पता नहीं बता सकी। पुलिस ने महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर उसका मेडिकल कराया गया। एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि महिला का मेडिकल भी कराया गया।

उन्नाव कांड के बाद मेरठ में हाईवे पर महिला के मिलने पर पुलिस के पसीने छूट रहे थे। गुरुवार की सुबह हाईवे पर बदहवास हालत में महिला के मिलने पर अधिकारी भी सक्रिय हो गए। महिला के परिजनों की तलाश शुरू कर दी गई। दिनभर पुलिस महिला को लेकर परेशान रही। महिला के परिजनों के पहुंचने के बाद ही पुलिस ने राहत की सांस ली। महिला के परिवार ने भी उसके साथ दुष्कर्म होने की बात से इनकार किया है। उनका कहना है कि महिला पहले भी कई बार इस तरह अकेले ही चली गई थी। संभव है, उसे लगा होगा की मेरठ नहीं रामपुर है। इसलिए वह ट्रेन से उतर गई।

पुलिस के अनुसार महिला मंदबुद्धि हैं, जो रातभर ठिठुरने के कारण बोल नहीं पा रही थी। पुलिस मान रही है कि महिला कैंट स्टेशन से उतरने के बाद कंकरखेड़ा पुल के समीप से निकलकर सीधे फ्लाइओवर पहुंची। महिला की हालत को देखकर रात में भी किसी ने उसे टोकने की कोशिश तक नहीं की। क्योंकि महिला देखने से भी मंदबुद्धि लग रही थी।

देर रात महिला के परिजन भी मेरठ पहुंच गए। जहां पर परिजनों से मिलकर महिला ने रातभर की कहानी बताई। उसने बताया कि स्टेशन पर इसलिए उतर गई थी। उसे लगा था कि रामपुर आ गया है। साथ ही महिला की ननद की बेटी ने भी हिम्मत दिखाते हुए रातभर महिला की तलाश की। साथ ही जीआरपी को शिकायत के साथ-साथ सोशल साइट्स पर भी महिला के लापता होने की जानकारी दी। उसने ट्विटर से लेकर फेसबुक तथा वाट्सएप के कई ग्रुप में महिला की गुमशुदगी की जानकारी और फोटो अपलोड किया था। एसपी सिटी डा. एएन सिंह ने बताया कि महिला को परिजनों को सौंप दिया गया है।

Published on:
06 Dec 2019 12:00 pm