मेरठ

अब इस Mobile App से पता करें सोने की शुद्धता, असली-नकली ज्वेलरी की पहचान करना भी बेहद आसान

लोगों को धोखाधड़ी से बचाने के लिए सरकार ने बनाया सोने की शुद्धता (Purity of Gold) जांचने के लिए BIS Care Mobile App। मेरठ नील गली ज्वेलरी मैन्यूफैक्चर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. संजीव अग्रवाल ने दिये धोखाधड़ी से बचने के टिप्स।

2 min read
Aug 27, 2021

मेरठ. गोल्ड ज्वेलरी की शुद्धता (Purity of Gold Jewelery) का पता लगाना कोई हंसी-खेल नहीं है। बड़े से बड़ा सोने का व्यापारी भी कभी-कभी सोने की शुद्धता बताने में असफल हो जाता है। इसी को देखते हुए सरकार की तरफ से एक ऐसा एप बनाया गया है, जिससे आप घर बैठे अपने मोबाइल से सोने की ज्वेलरी की शुद्धता (Purity of Gold) जांच सकते हैं। आपके करना सिर्फ इतना है कि अपने मोबाइल पर ऐप डाउनलोड करना है। इस एप के जरिये ही आप सोने की शुद्धता के साथ ही इससे जुड़ी कोई भी शिकायत भी दर्ज करा सकते हैं। इस एप का नाम BIS Care Mobile App है, जो ग्राहक को सोने की शुद्धता की जांच में मदद करेगा।

मेरठ नील गली ज्वेलरी मैन्यूफैक्चर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. संजीव अग्रवाल का कहना है कि हॉलमार्किंग योजना भारतीय मानक ब्यूरो अधिनियम के तहत संचालन एवं नियमन का काम करती है। सबसे पहली बात यह कि असली सोना 24 कैरेट का ही होता है। आमतौर पर आभूषणों के लिए 22 कैरेट सोने का इस्तेमाल किया जाता है, जिसमें 91.66 फीसदी सोना होता है। हॉलमार्क पर पांच अंक होते हैं। सभी कैरेट का हॉलमार्क अलग होता। मसलन 22 कैरेट पर 916, 21 कैरेट पर 875 और 18 पर 750 लिखा होता है। इससे शुद्धता में शक नहीं रहता।

सोने की शुद्धता तय करने का पैमाना

उन्होंने बताया कि सोने की शुद्धता तय करने का एक पैमाना होता है। कैरेट गोल्ड का मतलब होता हे 1/24 पर्सेंट गोल्ड, यदि आपके आभूषण 22 कैरेट के हैं तो 22 को 24 से भाग देकर उसे 100 से गुणा करें। (22/24)x100= 91.66 यानी आपके आभूषण में इस्तेमाल सोने की शुद्धता 91.66 फीसदी है। मसलन 24 कैरेट सोने का रेट टीवी पर 27000 हैं और बाजार में इसे खरीदने जाते हैं तो 22 कैरेट सोने का दाम (27000/24)x22=24750 रुपये होगा। जबकि ज्वेलर आपको 22 कैरेट सोना 27000 में ही देगा। यानी आप 22 कैरेट सोना 24 कैरेट सोने के दाम पर खरीद रहे हैं।

इस तरह नहीं खाएंगे धोखा

इसी तरह आप 18 कैरेट गोल्ड की कीमत भी तय होगी। (27000/24)x18=20250। जबकि ये ही सोना ऑफर के साथ देकर ज्वेलर आपको छलते हैं। यदि आप इस कैलकुलेशन के हिसाब से सोना खरीदेंगे तो बाजार में कभी धोखा नहीं खाएंगे। आप अपने घर बैठे अपने सोने की कीमत तय कर सकते हैं, लेकिन इसके लिए जानना जरूरी है कि कितने कैरेट सोने में कितनी शुद्धता है।

शुद्धता के हिसाब से दिए जाने वाले अंक

24 कैरेट- 99.9
23 कैरेट-95.8
22 कैरेट-91.6
21 कैरेट-87.5
18 कैरेट-75.0
17 कैरेट-70.8
14 कैरेट-58.5
9 कैरेट-37.5

Published on:
27 Aug 2021 10:39 am
Also Read
View All