मेरठ

कांवड़ यात्रा: मेरठ में 10 फीट से ऊंची कांवड़ नहीं ले जा सकेंगे, 789 शिवालयों-मंदिरों में होगा जलाभिषेक, जानिए पूरी व्यवस्था

Kanwar Yatra: कांवड़ यात्रा को लेकर मेरठ प्रशासन ने नई गाइडलाइन जारी की है। 10 फीट से ऊंची कांवड़ ले जाने पर रोक रहेगी। 789 शिवालयों-मंदिरों में जलाभिषेक होगा। सीएम योगी ने श्रद्धालुओं से अनुशासन बनाए रखने की अपील की है।
2 min read
Jul 17, 2026
Kanwar Yatra
कांवड़ यात्रा को लेकर मेरठ प्रशासन ने नई गाइडलाइन जारी की है

Kanwar Yatra Guidelines News: कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले मेरठ प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर बड़ा प्लान तैयार किया है। इस बार 10 फीट से ऊंची कांवड़ ले जाने पर रोक रहेगी, जबकि तय सीमा से बड़े डीजे की भी अनुमति नहीं होगी। पूरे जिले में 23 ड्रोन, 3500 से ज्यादा कैमरे, 18 क्यूआरटी और सैकड़ों पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। वहीं, 789 शिवालयों और मंदिरों में जलाभिषेक होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी कांवड़ संघों से शांति और अनुशासन बनाए रखने की अपील की।

DJ के लिए बनाए नए नियम

प्रशासन ने 64 संवेदनशील जगहों की पहचान की है, जहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। पांच रेलवे क्रॉसिंग और पांच टोल प्लाजा पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी। डीजे संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि डीजे की ऊंचाई 10 फीट और चौड़ाई 12 फीट से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। साथ ही आवाज 75 डेसीबल से अधिक नहीं रखी जाएगी। कांवड़ शिविर लगाने वालों को भी सड़क से 10 से 12 फीट की दूरी छोड़कर शिविर लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

789 शिवालयों और मंदिरों में होगा जलाभिषेक

मेरठ में 776 शिवालयों और 13 प्रमुख मंदिरों सहित कुल 789 स्थानों पर श्रावण मास के दौरान जलाभिषेक होगा। तीन प्रमुख मंदिरों में बड़ी संख्या में कांवड़िये पहुंचेंगे और यहां मेले भी लगेंगे। इसी को देखते हुए औघड़नाथ मंदिर में एक अस्थायी कांवड़ थाना और दो अस्थायी पुलिस चौकियां बनाई गई हैं। यहां सीसीटीवी कंट्रोल रूम भी तैयार किया जा रहा है। प्रत्येक शिवालय पर दो-दो पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।

सीएम योगी ने की अपील

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा से पहले सभी कांवड़ संघों से शांति और अनुशासन बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जीवन में धैर्य और अनुशासन सबसे बड़ी पूंजी है। छोटी-छोटी बातों पर हुड़दंग नहीं होना चाहिए। उनका कहना था कि अगर कहीं हुड़दंग या अनुशासनहीनता हुई तो विरोधी इसे मुद्दा बनाकर कांवड़ यात्रा पर सवाल उठाने और उस पर दबाव बनाने की कोशिश करेंगे। सरकार कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए हर संभव व्यवस्था कर रही है।

228 KM लंबे 7 कांवड़ मार्गों पर कड़ी निगरानी

एसएसपी मेरठ अविनाश पांडेय ने बताया कि जिले में कांवड़ यात्रा के लिए 6 सुपर जोन, 24 जोन, 64 सेक्टर और 44 सब-सेक्टर बनाए गए हैं। सात कांवड़ मार्ग चिन्हित किए गए हैं, जिनकी कुल लंबाई 228 किलोमीटर है। हर एक किलोमीटर पर पुलिसकर्मी तैनात रहेगा। यात्रा मार्ग पर 78 पिकेट और 26 बैरियर भी लगाए जाएंगे। औघड़नाथ मंदिर में अस्थायी थाना और दो चौकियां भी काम करेंगी।

ड्रोन और कैमरों से होगी सुरक्षा की निगरानी

यात्रा की निगरानी के लिए 18 क्यूआरटी, पांच सीसीटीवी कंट्रोल रूम, तीन वायरलेस कंट्रोल रूम और 12 सब स्टेशन बनाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था में 2234 आईपी कैमरे और 1270 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। 23 ड्रोन लगातार हवाई निगरानी करेंगे।

इसके अलावा 136 पुलिस चौकियां और 110 दोपहिया कांवड़ मोबाइल बाइक तैनात रहेंगी। किसी भी सूचना पर ये टीमें तुरंत मौके पर पहुंचेंगी। तीन वॉच टावर भी बनाए गए हैं। अफवाहों पर नजर रखने और उनका खंडन करने के लिए 480 डिजिटल वॉलंटियर भी सक्रिय रहेंगे।



Updated on:
17 Jul 2026 04:18 pm
Published on:
17 Jul 2026 04:18 pm