मेरठ

मेरठ नर्स हत्याकांड में नया दावा, अंजलि की बहन बोली- धर्मांतरण का दबाव बना रहा था आरोपी

Meerut Nurse Murder Case: मेरठ में स्टाफ नर्स अंजलि शर्मा हत्याकांड में नया मोड़ सामने आया है। परिवार का आरोप है कि सूफियान, अंजलि पर धर्म परिवर्तन कर शादी करने का दबाव बना रहा था। हालांकि, पुलिस का कहना है कि धर्मांतरण का एंगल अभी जांच में स्पष्ट नहीं हुआ है। कुछ व्हाट्सऐप चैट मिली हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
2 min read
May 23, 2026
Meerut nurse murder, Anjali Sharma case, Sufiyan murder case, Meerut Medical College, religious conversion pressure, nikah pressure allegation, staff nurse murder, Meerut latest crime news, Sajida arrest, WhatsApp chat probe
फोटो में नर्स अंजलि और आरोपी वार्ड बॉय सूफियान।

Anjali Sharma Murder: लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज का इमरजेंसी गेट, तारीख 21 मई। रोज की तरह एम्बुलेंस और मरीजों की आवाजाही के बीच अचानक एक ई-रिक्शा आकर रुकता है। चेहरे पर हेलमेट लगाए एक महिला उतरती है, सूती चादर में लिपटा एक शव गेट के बाहर फेंकती है और फरार हो जाती है। इससे अस्पताल परिसर में हड़कंप मच जाता है। शव की शिनाख्त इसी अस्पताल में तैनात 25 वर्षीय स्टाफ नर्स अंजलि शर्मा के रूप में होती है।

महज डेढ़ घंटे के भीतर पुलिस मुख्य साजिशकर्ता साजिदा तक पहुंच जाती है। अब मामले में नर्स अंजली की बहन ने नया मोड़ दे दिया है।

'अंजलि को लगातार ब्लैकमेल कर रहा था आरोपी'

अंजलि की बहन नेहा के मुताबिक, मैंने खुद अंजलि के मोबाइल में सूफियान के भेजे मैसेज पढ़े थे। वह लिखता था कि अपने पति और बच्चे को छोड़ो, धर्म बदलो और मेरे साथ निकाह कर लो। वह अंजलि को लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। जब मेरी बहन ने साफ मना कर दिया, तो उसने उसकी जान ले ली।

मेडिकल कॉलेज में स्टाफ नर्स थीं अंजलि

25 वर्षीय अंजलि शर्मा लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज में स्टाफ नर्स थीं। उनकी शादी 2018 में सनी शर्मा से हुई थी और उनका एक पांच साल का बेटा भी है। पिछले एक साल से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था और तलाक का मामला कोर्ट में लंबित है। अंजलि अपने भाई प्रदीप के साथ रह रही थीं।

ड्यूटी के दौरान वार्ड बॉय सूफियान से हुई थी पहचान

ड्यूटी के दौरान अंजलि की पहचान मेडिकल कॉलेज में काम करने वाले वार्ड बॉय सूफियान से हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी, लेकिन परिवार का आरोप है कि सूफियान उस पर धर्म बदलकर निकाह करने का दबाव डाल रहा था।

वार्ड बॉय और उसकी बहन ने की अंजलि की हत्या

पुलिस के मुताबिक, 21 मई को अंजलि लोहियानगर इलाके में सूफियान से मिलने गई थी। यहां दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोपी साजिदा ने पूछताछ में बताया कि झगड़े के दौरान उसने और उसके भाई सूफियान ने मिलकर अंजलि का गला घोंट दिया। हत्या के बाद शव को ई-रिक्शा में रखकर मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी गेट के बाहर फेंक दिया ।

ऐसे हुई आरोपियों की शिनाख्त

सीसीटीवी फुटेज में साजिदा हेलमेट लगाकर ई-रिक्शा में बैठी नजर आई। पुलिस ने कुछ ही घंटों में उसे और उसकी मां को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में साजिदा ने हत्या की बात कबूल कर ली, जबकि मुख्य आरोपी सूफियान अभी फरार है।

परिवार का यह भी आरोप है कि सूफियान ने अंजलि से नौकरी पक्की कराने के नाम पर करीब पांच लाख रुपये ठगे थे। अंजलि की बहन ने शव पर चोट और घसीटने के निशान होने की बात कही है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

Updated on:
23 May 2026 03:17 pm
Published on:
23 May 2026 02:57 pm