
सांकेतिक फोटो जेनरेट AI
मेरठ के मेडिकल कॉलेज की 25 वर्षीय नर्स अंजलि शर्मा की हत्या ने सभी को झकझोर दिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि परिचित युवक सूफियान उस पर शादी का दबाव बना रहा था। विरोध करने पर कथित तौर पर सूफियान और उसकी बहन ने मिलकर अंजलि की गला घोंटकर हत्या कर दी। बाद में शव को ई-रिक्शा से मेडिकल कॉलेज के बाहर छोड़ दिया गया। घटना के बाद से मुख्य आरोपी फरार है।
मेरठ के मेडिकल थाना क्षेत्र में एक नर्स की हत्या का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान जागृति विहार सेक्टर-3 की रहने वाली 25 वर्षीय अंजलि शर्मा के रूप में हुई है। वह मेडिकल कॉलेज के महिला वार्ड में नर्स के पद पर कार्यरत थी। पुलिस के मुताबिक, अंजलि की पहचान मेडिकल कॉलेज में काम करने वाले लिसाड़ी गेट के रहने वाले सूफियान से हुई थी। दोनों के बीच जान-पहचान बढ़ी, लेकिन कुछ समय से सूफियान कथित तौर पर अंजलि पर शादी करने का दबाव बना रहा था। परिजनों का आरोप है कि वह लगातार अंजलि का पीछा भी करता था। जिससे वह मानसिक तनाव में रहने लगी थी।
शुरुआती जांच में सामने आया कि गुरुवार सुबह अंजलि लोहियानगर इलाके में सूफियान और उसकी बहन साजिदा से मिलने पहुंची थी। इसी दौरान तीनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। पुलिस का दावा है कि कहासुनी बढ़ने पर सूफियान और साजिदा ने मिलकर अंजलि का गला घोंट दिया।
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की। दोपहर करीब डेढ़ बजे अंजलि का शव ई-रिक्शा से मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी गेट के बाहर छोड़ दिया गया। वहां मौजूद कर्मचारियों ने शव देखा तो हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने कुछ ही घंटों में साजिदा और उसकी मां को हिरासत में ले लिया। वहीं मुख्य आरोपी सूफियान अभी फरार है। उसकी तलाश में कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस जांच में यह भी पता चला कि अंजलि की शादी साल 2018 में सनी नाम के युवक से हुई थी। दोनों का एक पांच साल का बेटा भी है। हालांकि पिछले करीब एक साल से अंजलि अपने भाई के साथ रह रही थी। जबकि बेटा पिता के पास था। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
Updated on:
22 May 2026 02:33 pm
Published on:
22 May 2026 09:44 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
