मेरठ

मेरठ में प्रेम कहानी का खूनी अंत, गर्लफ्रेंड को 3 गोलियां मारने के बाद युवक ने खुद को उड़ाया

Meerut News: मेरठ में प्रेम प्रसंग खूनी वारदात में बदल गया। बीच सड़क युवक ने गर्लफ्रेंड को तीन गोलियां मारने के बाद खुद को भी गोली मार ली। युवक की मौत हो गई, जबकि युवती की हालत गंभीर है।
3 min read
Jul 29, 2026
crime news
मेरठ में प्रेम कहानी का खूनी अंत

Meerut News:उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में बुधवार शाम प्रेम प्रसंग का बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के डिफेंस एन्क्लेव कॉलोनी स्थित जोनल पार्क के बाहर एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड को तीन गोलियां मार दी। इसके तुरंत बाद उसने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी।

पार्क के बाहर बातचीत के दौरान हुआ विवाद

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक पल्सर बाइक से और युवती स्कूटी से पार्क के बाहर पहुंचे थे। दोनों कुछ देर तक आपस में बातचीत करते रहे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आसपास मौजूद लोगों का भी ध्यान उनकी ओर चला गया। किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही पलों में यह झगड़ा इतनी बड़ी घटना में बदल जाएगा।

तमंचा निकालकर एक के बाद एक तीन फायर

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ने के बाद युवक ने अचानक तमंचा निकाल लिया और युवती पर लगातार तीन गोलियां चला दीं। बताया जा रहा है कि दो गोलियां युवती के पेट में और एक गोली सिर में लगी। गोली लगते ही युवती सड़क पर गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास मौजूद लोग उसकी ओर दौड़े ही थे कि युवक ने भी तमंचा अपने सीने पर सटाकर खुद को गोली मार ली। कुछ ही सेकंड में पूरा घटनास्थल चीख-पुकार से गूंज उठा।

युवक की मौत, लड़की की हालत गंभीर

घटना की सूचना मिलते ही कंकरखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से दोनों को तत्काल कैलाश अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को सुभारती मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल युवती का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

दोनों कंकरखेड़ा क्षेत्र के रहने वाले

पुलिस के अनुसार, घायल युवती की पहचान गोविंदपुरी निवासी 23 वर्षीय अनुष्का के रूप में हुई है। वहीं मृत युवक की पहचान शिवलोक पुरा कॉलोनी निवासी 26 वर्षीय आदित्य के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि आदित्य ITI पास था और उसके खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज थे। वह कंकरखेड़ा थाने का हिस्ट्रीशीटर भी बताया जा रहा है।

हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस

घटना की गंभीरता को देखते हुए कंकरखेड़ा थाना पुलिस, क्षेत्राधिकारी (सीओ) और फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल किया गया तमंचा बरामद कर लिया है। साथ ही आसपास से अन्य साक्ष्य भी जुटाए गए हैं। फोरेंसिक टीम ने मौके से वैज्ञानिक तरीके से सैंपल एकत्र किए हैं ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। शुरुआती फुटेज में युवक और युवती के बीच पहले बहस और फिर झगड़ा होने की बात सामने आई है। पुलिस घटना से पहले दोनों की गतिविधियों, मुलाकात और वारदात के बाद की परिस्थितियों की भी जांच कर रहे हैं। इससे यह स्पष्ट करने की कोशिश की जा रही है कि विवाद की असली वजह क्या थी।

परिजनों से पूछताछ जारी

पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में CCTV फुटेज में दोनों के बीच विवाद होने की पुष्टि हुई है। इसके बाद युवक ने युवती पर गोली चलाई और फिर खुद को गोली मार ली। पुलिस दोनों के परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर रही है। साथ ही उनके आपसी संबंधों, विवाद और अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
29 Jul 2026 07:14 pm
Published on:
29 Jul 2026 07:02 pm