मेरठ के दौराला में जहरीली शराब से तीन लोगों की मौत का मामला अब हत्या की साजिश बन गया है।
Meerut Crime News: उत्तर प्रदेश के मोदीपुरम स्थित दौराला कस्बे में शराब पीने से हुई तीन लोगों की मौत अब हत्या का मामला बन गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह सामान्य शराब से मौत नहीं, बल्कि प्रेम संबंध की वजह से रची गई साजिश थी। मृतक अंकित उर्फ दौलत की बहन अलका और उसके प्रेमी पवन उर्फ पोली को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। दोनों से सख्त पूछताछ जारी है।
पुलिस के अनुसार, अलका और पवन उर्फ पोली के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों अक्सर मिलते-जुलते थे, लेकिन अंकित इस रिश्ते का खुलकर विरोध करता था। वह अपनी बहन अलका को पवन से मिलने नहीं देता था। अंकित दोनों के रिश्ते में सबसे बड़ी रुकावट बन गया था। इसी वजह से अलका और पवन ने मिलकर अंकित को रास्ते से हटाने की प्लानिंग की।
आरोप है कि अलका ने घर में रखी शराब में जहर मिला दिया। योजना यह थी कि अंकित अकेले शराब पीएगा और मर जाएगा। फिर पूरा मामला सामान्य शराब से मौत बताकर रफा-दफा कर दिया जाएगा। लेकिन योजना के मुताबिक सब कुछ नहीं हुआ। अंकित शराब की बोतल लेकर स्पेलर पर पहुंचा। वहां उसके दोस्त बाबूराम प्रजापति और जितेंद्र भी उसके साथ बैठ गए और उन्होंने भी उसी जहरीली शराब को पी लिया। जहर इतना तेज था कि तीनों की मौत हो गई। इस तरह एक व्यक्ति को मारने की साजिश में तीन निर्दोष लोगों की जान चली गई।
पुलिस जांच के दौरान अलका के बयानों में कई बार बदलाव देखा गया। पहले उसने खुद को इस घटना से पूरी तरह अनजान बताया और इसे सामान्य हादसा बताया। लेकिन पूछताछ में उसके बयान बार-बार बदलते रहे। उसके इस व्यवहार से पुलिस को शक हुआ और जांच गहरी की गई। शनिवार शाम करीब 6 बजे पवन उर्फ पोली को और 7 बजे अलका को हिरासत में लिया गया।
पुलिस अब सबसे अहम सवाल पर काम कर रही है कि जहर कहां से आया और अलका या पवन ने इसे कैसे हासिल किया? इस कड़ी के खुलने से पूरा षड्यंत्र सामने आ सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अंकित शराब पीने का आदी था, जिसका फायदा उठाकर आरोपीयों ने यह साजिश रची।
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि जल्द ही मामले का पूरा खुलासा किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने पूरे दौराला कस्बे में सनसनी फैला दी है। लोग अब इस प्रेम साजिश पर चर्चा कर रहे हैं, जिसमें तीन जिंदगियां खत्म हो गईं।