मेरठ

पहले बेटे की हत्या, अब मां को गला दबाकर मार डाला, गांव में मचा हड़कंप

मेरठ के हस्तिनापुर क्षेत्र में बेटे ने अपनी मां की गला दबाकर हत्या कर दी। मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
2 min read
Mar 29, 2026
dead body (Demo pic)
dead body (Demo pic)

Meerut Crime News: मेरठ जिले के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में अकबरपुर गढ़ी की बंगाली कॉलोनी में शनिवार को एक बहुत ही सनसनीखेज घटना हो गई। यहां 50 साल की महिला निर्मला देवी की अपने ही बेटे संजय ने गला दबाकर हत्या कर दी। घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। लोग सदमे में आ गए। पुलिस को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और आरोपी बेटे संजय को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। भद्रकाली चौकी प्रभारी उमेश कुमार ने बताया कि निर्मला और उनके बेटे संजय के बीच किसी छोटी सी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर संजय ने अपनी मां का गला दबा दिया। इससे निर्मला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय आसपास मौजूद ग्रामीण इस भयानक दृश्य को देखकर डर गए। किसी में भी हिम्मत नहीं हुई कि वह बीच में पड़कर हस्तक्षेप कर सके।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी संजय को घटनास्थल से ही पकड़ लिया गया। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे के असली कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

आरोपी का पुराना अपराध

ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी संजय का व्यवहार पहले से ही असामान्य और खतरनाक था। करीब डेढ़ साल पहले भी उसने अपनी पत्नी से झगड़े के बाद अपने सिर्फ छह महीने के छोटे बेटे को जमीन पर जोर से पटक दिया था। इससे बच्चे की मौत हो गई थी। इस मामले में संजय की पत्नी ने हस्तिनापुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने संजय को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। हाल ही में वह जेल से छूटकर घर आया था। लेकिन जेल से आने के कुछ समय बाद ही उसने यह दूसरी जघन्य घटना कर दी।

इलाके में फैली दहशत

इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। लोग कह रहे हैं कि संजय का स्वभाव पहले से ही आक्रामक था। अब ग्रामीण आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं ताकि ऐसे लोग समाज में फिर से कोई नुकसान न पहुंचा सकें। पुलिस का कहना है कि वे मामले की गहराई से जांच कर रही है। अगर कोई और कारण सामने आएगा तो उसकी भी जांच की जाएगी। परिवार के अन्य सदस्यों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस मामले में जल्द से जल्द चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही है।

Updated on:
29 Mar 2026 07:36 am
Published on:
29 Mar 2026 07:36 am