मेरठ

पति को मारकर नीले ड्रम में भरने वाली मुस्कान को गिरफ्तार करने वाली सब-इंस्पेक्टर निलंबित, जानिए पूरा मामला

Meerut Sub Inspector Anu Suspended: मेरठ में चर्चित नीले ड्रम हत्याकांड की आरोपी मुस्कान रस्तोगी को पकड़ने वाली महिला दरोगा अनु रानी को सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने के मामले में निलंबित किया गया है।अब मुस्कान को पकड़ने वाली महिला सब-इंस्पेक्टर सुर्खियों में है। जानिए पूरा मामला...
2 min read
Aug 18, 2026
UP Police, Sub Inspector Anu, Saurabh Rajput Murder Case, Muskan Rastogi
मुस्कान रस्तोगी को गिरफ्तार करने वाली महिला दरोगा सस्पेंड (फोटो- पत्रिका)

Sub Inspector Anu Suspended: उत्तर प्रदेश के मेरठ में चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड यानी नीले ड्रम केस की मुख्य आरोपी मुस्कान रस्तोगी को गिरफ्तार करने वाली महिला दरोगा अनु रानी अब खुद एक बड़े विवाद में फंस गई हैं। सोशल मीडिया पर देर रात लाइव आने के बाद उनका एक कथित आपत्तिजनक वीडियो वायरल हो गया जिसके चलते पुलिस विभाग ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। बताया जा रहा है कि महिला दरोगा अनु फिटनेस की बहुत शौकीन हैं।

Sub Inspector Anu Suspended

नीले ड्रम वाली मुस्कान को किया था गिरफ्तार

आपको बता दें कि अनु वही तेजतर्रार महिला दरोगा हैं जिन्होंने साल 2025 के चर्चित 'सौरभ राजपूत हत्याकांड' में आरोपी मुस्कान को गिरफ्तार किया था। उस दौरान अनु मेरठ के ब्रह्मपुरी थाने में तैनात थीं। इसी दौरान नीले ड्रम कांड सामने आया था जिसने पूरे प्रदेश में सनसनी फैला दी थी। उस वक्त दरोगा अनु ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर आरोपी मुस्कान के साथ का एक वीडियो भी शेयर किया था जिसमें वह उसके साथ नजर आ रही थीं।

वीडियो में QR कोड लगाने का आरोप

वायरल हो रहे इस वीडियो को लेकर कई तरह के दावे किए जा रहे हैं। एक दावा यह भी है कि वीडियो में एक QR कोड लगाया जाता था जिसके जरिए लोगों से ऑनलाइन पैसे भेजने और अन्य वीडियो देखने की अपील की जाती थी। एक अन्य वीडियो रेलवे स्टेशन का भी है जिसमें वह जींस टॉप पहनकर पोज देते हुए नजर आ रही हैं। हालांकि इन दावों की पूरी सच्चाई पुलिस की जांच के बाद ही साफ हो सकेगी।

SSP ने किया सस्पेंड CO करेंगी जांच

इस पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए मेरठ के एसएसपी ने महिला दरोगा अनु को तुरंत निलंबित कर दिया है। पुलिस विभाग की सोशल मीडिया नीति के उल्लंघन के आरोप में यह सख्त कार्रवाई की गई है। इस पूरे प्रकरण की विभागीय जांच सीओ कार्यालय की अधिकारी सौम्या सिंह को सौंप दी गई है।

सोशल मीडिया अकाउंट्स की होगी जांच

मेरठ के एसपी क्राइम अवनीश कुमार ने बताया कि महिला दरोगा के मामले में विभागीय जांच के साथ-साथ साइबर टीम के स्तर पर भी पड़ताल कराई जा रही है। जांच टीम अब यह पता लगाएगी कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो असली है या उसमें किसी तरह की कोई छेड़छाड़ की गई है। इसके अलावा दरोगा अनु की सोशल मीडिया से जुड़ी सभी गतिविधियों की भी जांच की जाएगी।

अधिकारियों का कहना है कि पुलिस पद पर रहते हुए इस तरह के वीडियो बनाना और सोशल मीडिया पॉलिसी का उल्लंघन करना पूरी तरह से गलत है। इसी आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। फिलहाल महिला दरोगा के इंस्टाग्राम और यूट्यूब चैनल की बारीकी से जांच की जा रही है। साथ ही सोशल मीडिया से वह आपत्तिजनक वीडियो हटवा दिया गया है और महिला दरोगा का अकाउंट भी डिलीट कर दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।