मेरठ

‘बचाओ- बचाओ चिल्लाते हुए बाहर आई’, मेरठ के होटल स्क्वायर में युवती को बंधक बनाकर रखने का आरोप; वीडियो वायरल

Meerut Hotel Square Case Update: मेरठ के होटल स्क्वायर में युवती को बंधक बनाकर रखने का मामला सामने आया है। बचाओ-बचाओ चिल्लाते हुए युवती होटल से बाहर निकली तो पीछे से युवक ने उसे खींचकर गोद में उठाने और दोबारा होटल के अंदर ले जाने की कोशिश की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानिए पूरा मामला...
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 2:19 PM IST
Meerut Hotel Square Case, Meerut Hotel Square Woman Assault Case, UP Police, UP Crime News
मेरठ के होटल में युवती को बंधक बनाकर रखने का मामला (PC: X/@meerutpolice)

Meerut Hotel Square Girl Assault Case: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के सदर बाजार थाना क्षेत्र स्थित आबूलेन मार्केट के होटल स्क्वायर में गाजियाबाद की एक युवती को बंधक बनाकर प्रताड़ित करने और दुष्कर्म का मामला सामने आया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP बीबी जीटीएस मूर्ति ने खुद होटल पहुंचकर निरीक्षण किया और होटल को खाली करा दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी सलमान के खिलाफ दुष्कर्म और मारपीट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।

शादी तय होने के बाद युवती ने छोड़ी थी नौकरी

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक गाजियाबाद की रहने वाली 24 वर्षीय युवती करीब 1 साल पहले मेरठ की एक निजी कंपनी में काम करती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र निवासी सलमान से हुई थी। साथ काम करने के कारण दोनों के बीच बातचीत और मुलाकातें होने लगीं।

हाल ही में युवती की शादी तय हो गई, जिसके बाद उसने नौकरी छोड़ दी और सलमान से मिलना-जुलना भी बंद कर दिया। सलमान ने कई बार उससे मिलने की कोशिश की, लेकिन युवती ने साफ इनकार कर दिया। करीब 2 दिन पहले युवती अपनी सहेली से मिलने मेरठ आई थी। इसकी भनक लगते ही सलमान ने उसे नौकरी दिलाने का झांसा देकर आबूलेन स्थित होटल स्क्वायर बुलाया और कमरे में बंद कर पूरी रात प्रताड़ित किया।

'बचाओ-बचाओ चिल्लाते हुए होटल से निकली युवती'

आरोपी के चंगुल से किसी तरह निकलकर युवती 24 नवंबर की दोपहर करीब 1:30 बजे बचाओ-बचाओ चिल्लाते हुए होटल से बाहर की ओर भागी। इसी दौरान पीछे से आए सलमान ने सड़क पर ही युवती को पकड़कर खींचना शुरू कर दिया, जिससे वह नीचे गिर गई। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि आरोपी युवती को जबरन गोद में उठाकर वापस होटल के अंदर ले जाने की कोशिश करने लगा, लेकिन संतुलन बिगड़ने से दोनों सड़क पर गिर पड़े। शोर-शराबा सुनकर मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया। भीड़ बढ़ती देख आरोपी सलमान मौके से फरार हो गया।

सबूतों को सुरक्षित रखने के लिए सील होगा होटल

SSP बीबी जीटीएस मूर्ति ने बताया कि होटल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद उसे पूरी तरह खाली करा लिया गया है। अब होटल को सील करने की कार्रवाई की जा रही है, जिसके लिए जिला प्रशासन और मेरठ विकास प्राधिकरण (MDA) के अधिकारियों से बातचीत की गई है। SSP के अनुसार होटल को सील करने का मुख्य उद्देश्य घटनास्थल पर मौजूद साक्ष्यों को सुरक्षित रखना है। इससे जांच पूरी होने तक कोई भी व्यक्ति सबूतों के साथ छेड़छाड़ नहीं कर सकेगा।

होटल कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच जारी है

इस पूरे प्रकरण में होटल प्रबंधन और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में आ गई है। आरोप है कि विवाद होने के बाद होटल कर्मचारियों ने आरोपी युवक को वहां से भागने में मदद की। इसके अलावा होटल में बिना जरूरी एंट्री और पहचान पत्रों की जांच किए तीन प्रेमी जोड़ों को कमरे उपलब्ध कराने के आरोप भी सामने आए हैं। सदर बाजार थाना पुलिस वायरल वीडियो को जांच में शामिल करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है साथ ही होटल कर्मचारियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की स्थिति साफ हो सकेगी।