
Meerut Hotel Incident Accused Salman Arrested: मेरठ के चर्चित होटल स्क्वायर कांड में फरार चल रहे आरोपी सलमान को पुलिस ने बुधवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान सलमान ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। इसके बाद भागने की कोशिश में वह निर्माणाधीन पुल से नीचे गिर गया। उसके दाहिने पैर और बाएं हाथ में चोट आई है। पुलिस ने उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
लोहिया नगर थाना पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार 25 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर ग्राम नारहेड़ा के पास निर्माणाधीन अंडरपास के निकट आरोपी सलमान की घेराबंदी की गई। खुद को पुलिस से घिरता देख सलमान ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद वह भागने के लिए पास के पुल पर चढ़ गया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से नीचे जा गिरा। गिरने के कारण उसके दाहिने पैर और बाएं हाथ में गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद सामने आए वीडियो में आरोपी सलमान के सारे तेवर ढीले नजर आए। वीडियो में वह दर्द से कराहते और रोते हुए कह रहा है कि "सर, गलती हो गई माफ कर दो, अब दोबारा ऐसी गलती नहीं होगी।" चोटिल होने के कारण पुलिसकर्मी उसे कंधे पर टांगकर गाड़ी तक ले गए और इलाज के लिए पीएल शर्मा जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। पुलिस ने उसके पास से एक अवैध 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक रोहटा क्षेत्र निवासी सलमान पर मेरठ और गाजियाबाद के अलग-अलग थानों में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
दरअसल यह पूरा मामला सदर बाजार थाना क्षेत्र के आबूलेन मार्केट स्थित होटल स्क्वायर से जुड़ा है। गाजियाबाद की रहने वाली 24 वर्षीय युवती करीब 1 साल पहले मेरठ की एक निजी कंपनी में आरोपी सलमान के साथ काम करती थी, जहां दोनों की पहचान हुई थी। हाल ही में युवती की शादी तय होने के बाद उसने नौकरी छोड़ दी और सलमान से मिलना-जुलना भी बंद कर दिया। करीब 2 दिन पहले जब युवती अपनी सहेली से मिलने मेरठ आई, तो सलमान ने उसे नौकरी दिलाने के बहाने आबूलेन स्थित होटल स्क्वायर बुलाया और कमरे में बंद कर पूरी रात प्रताड़ित किया।
मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे युवती किसी तरह कमरे से निकलकर बचाओ-बचाओ चिल्लाते हुए होटल से बाहर भागी। पीछे से आए सलमान ने सड़क पर ही युवती को जबरन गोद में उठाकर वापस होटल के अंदर ले जाने की कोशिश की। यह पूरी घटना CCTV और राहगीरों के मोबाइल कैमरे में कैद हो गई थी। मामले के तूल पकड़ने के बाद SSP बीबी जीटीएस मूर्ति ने होटल खाली कराकर उसे सील करने की कार्रवाई शुरू की थी और आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास व SC/ST एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।