
Damini Pregnancy Test Meerut:मेरठ के चर्चित सांपकांड में गिरफ्तार आरोपी तुषार पायला से गुरुवार को पहली बार उसका एक करीबी मिलने जिला जेल पहुंचा। तुषार के चाचा धर्मसिंह हापुड़ से मेरठ आए और जेल में उससे मुलाकात की। दोनों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई, जिसमें चाचा ने पूरे मामले की जानकारी ली। मुलाकात के दौरान धर्मसिंह अपने साथ केले, नमकीन और बिस्किट भी लेकर पहुंचे, जिन्हें जेल नियमों के अनुसार तुषार को दिया गया।
तुषार पायला 18 जुलाई से मेरठ जिला जेल में बंद है। पुलिस जांच के अनुसार, उस पर स्कूल संचालक अतुल की हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप है। इस मामले में अतुल की पत्नी दामिनी, तुषार और दो सपेरों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
जहां तुषार से मिलने उसके चाचा पहुंचे, वहीं इस मामले की मुख्य आरोपी दामिनी से अब तक कोई मिलने नहीं आया है। जेल प्रशासन के मुताबिक, दामिनी महिला बैरक 12A में बंद है। उसके साथ आरोपी सोनू और उदय से मिलने भी अब तक कोई परिजन या परिचित नहीं पहुंचा।
जेल नियमों के तहत महिला बंदियों की स्वास्थ्य जांच की जाती है। इसी प्रक्रिया के तहत दामिनी का प्रेग्नेंसी टेस्ट भी कराया जाएगा। इसके लिए महिला डॉक्टर के जेल पहुंचने की संभावना है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की जेल संबंधी औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।
सूत्रों के अनुसार, जेल में बंद तुषार और दामिनी दोनों ने अपने बचाव के लिए निजी वकील रखने की इच्छा जताई है। गुरुवार को मुलाकात के दौरान तुषार ने अपने चाचा से इसी संबंध में बात की। माना जा रहा है कि दोनों जल्द ही अपना पक्ष रखने के लिए निजी अधिवक्ता नियुक्त कर सकते हैं। फिलहाल इस चर्चित हत्याकांड की जांच जारी है और पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।