Meerut News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेरठ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्षी दलों, विशेषकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला।
PM Modi meerut speech Congress UP:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मेरठ में कांग्रेस पर कड़ा प्रहार किया। प्रधानमंत्री ने दिल्ली में आयोजित हुए दुनिया के सबसे बड़े AI सम्मेलन का जिक्र करते हुए कहा कि जब 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधि भारत की प्रगति देख गर्व कर रहे थे, तब कांग्रेस ने इसे अपनी 'गंदी राजनीति' का अखाड़ा बना दिया।
पीएम ने कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि विदेशी अतिथियों के सामने कांग्रेस नेताओं का आचरण न केवल अशोभनीय था, बल्कि इसने देश की गरिमा को भी ठेस पहुँचाने का काम किया। उन्होंने सवाल उठाया कि कुछ राजनीतिक दल आखिर भारत की वैश्विक सफलता को पचा क्यों नहीं पा रहे हैं?
प्रधानमंत्री ने देश की बदलती अंतरराष्ट्रीय छवि को रेखांकित करते हुए कहा कि एक समय था जब विकसित देश भारत के साथ समझौते करने से कतराते थे। उन्होंने कांग्रेस सरकार के दौर को 'घोटालों का युग' बताते हुए कहा कि उस समय भ्रष्टाचार के कारण दुनिया का भारत पर से भरोसा उठ चुका था।
लेकिन आज स्थिति बिल्कुल विपरीत है; अब विकसित देश भारत के साथ व्यापारिक समझौते करने के लिए खुद उत्सुक रहते हैं। पीएम मोदी के अनुसार, यह परिवर्तन इसलिए आया है क्योंकि आज की सरकार पारदर्शी है और दुनिया को भारत के भविष्य में अटूट उम्मीद नजर आती है।
यूपी की राजनीति का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के पुराने गठबंधन पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले के समय में बड़ी परियोजनाएं केवल कागजों पर शुरू होती थीं और फिर घोटालों की भेंट चढ़ जाती थीं।
उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि मेट्रो जैसी आधुनिक तकनीक के लिए भी हमें विदेशों पर निर्भर रहना पड़ता था। प्रधानमंत्री ने दावा किया कि भाजपा सरकार ने न केवल इन घोटालों पर पूरी तरह लगाम लगाई है, बल्कि देश को 'आत्मनिर्भर भारत' के पथ पर अग्रसर करते हुए स्वदेशी तकनीक को बढ़ावा दिया है।
मेरठ में जनता को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने उत्तर प्रदेश को 'श्रम और सृजन की धरती' बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार आज आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर जो निवेश कर रही है, उसका सीधा लाभ युवाओं और आम जनता को मिल रहा है।
जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट और नए एक्सप्रेस-वे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से दिल्ली-एनसीआर में किराए के मकान में रहने की मजबूरी खत्म हो रही है। अब लोग अपने घर से काम पर जा सकते हैं, जिससे समय और पैसा दोनों बच रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बुनियादी ढांचे में यह निवेश उत्तर प्रदेश में रोजगार के लाखों नए अवसर पैदा कर रहा है।