मेरठ

पंचायत चुनाव से पहले दिखी वर्चस्व की लड़ाई, प्रधान ने भाई-भतीजे संग मिलकर पूर्व प्रधान पर बरसाई गोलियां

Highlights: -पिता और पुत्र को लगी गोली दोनों गंभीर -सुबह हुई गोलीबारी से गांव में दहशत -आरोपी प्रधान घटना के बाद से फरार

2 min read
Dec 05, 2020
01_08_2020-firing_20579976_7020.jpg

पत्रिका न्यूज नेटवर्क

मेरठ। पंचायत चुनाव से पूर्व ही वर्चस्व के लिए गांवों में खूनी रंजिश का दौर शुरू हो चुका है। इसके तहत शनिवार को थाना सरधना क्षेत्र के गांव सुरानी में वर्तमान प्रधान ने अपने भतीजे और भाई के साथ मिलकर पूर्व प्रधान के घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर बाप-बेटों को गोली मार दी। इतना ही नहीं, पूर्व प्रधान को गोली मारने के बाद उसके परिवार को भी लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से घायल कर दिया। घटना के बाद से गांव में दहशत फैल गई। गोली लगने से घायल पूर्व प्रधान और उनके पुत्र को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पूर्व प्रधान अशोक की बहन पूनम ने आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान प्रधान तेजवीर उर्फ बबलू पुत्र सुरेश पाल अपने मकान के पास अवैध नाली का निर्माण कर रहा है। जबकि वहां पर पहले से एक नाली मौजूद है। अवैध नाली का विरोध पूर्व प्रधान अशोक और उनका परिवार कर रहा था। इस बात को लेकर काफी दिनों से दोनों पक्षों में खींचतान चल रही थी। शुक्रवार देर शाम को भी प्रधान तेजवीर उर्फ बबलू और पूर्व प्रधान अशोक के बीच कहासुनी हुई थी। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। जहां कुछ ग्रामीण और पुलिस ने मामले में फैसला करा दिया था।

पूनम ने बताया कि शनिवार सुबह प्रधान बबलू अपने भतीजे दीपांशु और भाई कृष्णपाल के साथ उनके घर में घुस गया। चारपाई पर बैठ कर चाय-नाश्ता कर रहे पूर्व प्रधान अशोक और उनके बेटे संदीप पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जिसमें प्रधान को एक और संदीप को गोली लगी है। वहीं मकान की दीवार में भी गोली धंसी है। गोली की आवाज सुनकर परिवार के लोग बाहर की ओर भागे तो हमलावरों ने उनको लाठी-डंडों से पीटा। दिनदहाड़े हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से गांव में दहशत फैल गई। अफरा-तफरी का माहौल हो गया। हमलावर अंजाम भुगतने की धमकी देकर भाग निकले। कंट्रोल रूम की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर दौड़ी। जिसके बाद गंभीर रूप से घायल पूर्व प्रधान और उनके पुत्र को हाईवे के अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बताया जाता है कि सुरानी गांव का प्रधान बबलू का अपराधिक रिकॉर्ड है। पिछले दिनों हुए जानलेवा हमले की धारा-307 में अभी मुकदमा दर्ज है। वहीं प्रधान के घर में कई लाइसेंसी हथियार भी हैं। जिनका प्रयोग प्रधान ग्रामीणों को धमकाने और डराने के लिए करता है। एसओ सरधना ब्रजेश सिंह चौहान का कहना है कि दोनों पक्षों मे नाली बनाने को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते बताया जा रहा है शनिवार सुबह प्रधान ने अपने परिजनों के साथ मिलकर पूर्व प्रधान और उसके पुत्र को गोली मारी है। दोनों को उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। वहीं प्रधान की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

Published on:
05 Dec 2020 02:57 pm
Also Read
View All