मेरठ

यूपी का गैंगस्टर पंजाब में पी रहा बीयर…देहरादून से निकल गया नेपाल, पुलिस ने 25 हजार रुपए का रखा ईनाम

Gangster Udham Singh Karnawal Meerut : पश्चिमी यूपी के कुख्यात गैंगस्टर उधम सिंह करनावल पर मेरठ पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। फर्जी दस्तावेजों से जमानत लेने के बाद फरार उधम सिंह के देहरादून के रास्ते नेपाल भागने की खबर है।

2 min read
May 16, 2026
यूपी का कुख्यात गैंगस्टर, PC- X(Narendra Nath Mishra )

मेरठ(Gangster Udham Singh Karnawal Meerut) : योगी सरकार की माफिया सूची में शामिल पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात गैंगस्टर उधम सिंह करनावल की तलाश में यूपी, उत्तराखंड और दिल्ली में पुलिस की पांच टीमें छापेमारी कर रही हैं। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमानत हासिल करने के मामले में बुधवार रात मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडेय ने उसके सिर पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है।

उधम सिंह डी-50 गैंग का सरगना है। वह 26 मार्च 2026 को उन्नाव जेल से लगभग 4 साल 8 महीने बाद जमानत पर रिहा हुआ था। 9 अप्रैल 2026 को सरूरपुर थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, एक व्यक्ति अनवर को शेखर नाम के व्यक्ति ने आसान ऋण दिलाने के नाम पर उसके आधार कार्ड, पैन कार्ड और हस्ताक्षर ले लिए। बाद में पता चला कि ये दस्तावेज उधम सिंह की जमानत के लिए इस्तेमाल किए गए।

ये भी पढ़ें

गंगा में विलीन हुईं प्रतीक यादव की अस्थियां, बेटी ने कार्ड पर लिखा ‘I Love You Papa’, सांसद आदित्य ने चूमा कलश

कोर्ट ने इस मामले की रिपोर्ट पर उधम सिंह की जमानत रद्द कर दी और उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया है। अब एसटीएफ सहित पुलिस की टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं।

वायरल वीडियो और पुराना कनेक्शन

एक तरफ पुलिस घेराबंदी कर रही है, तो दूसरी ओर 22 जुलाई 2021 का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें उधम सिंह तत्कालीन सीओ सरधना आरपी शाही के साथ अपने गांव करनावल के घर पर दिख रहा है। गैंगस्टर टशन में कहता नजर आ रहा है। 'सीओ साहब के साथ भी वीडियो बनाना है।' वीडियो में पुलिस अधिकारी और परिवार के लोग हंसते हुए दिख रहे हैं।

2011 में आरोपी ने किया था आत्मसमर्पण

उधम सिंह पर 50 से अधिक प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें हत्या, रंगदारी, लूट, डकैती और गैंगवार शामिल हैं। वह योगेश भदौरा गैंग से गैंगवार के लिए भी चर्चा में रहा। 2011 में गाजियाबाद कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था और लंबे समय तक जेल में बंद रहा, जहां से वह गैंग चलाता रहा। खौफ के कारण गवाह उसके खिलाफ मुंह नहीं खोलते, जिससे वह कई मामलों में बरी भी हो चुका है।

2021 में रिहाई के बाद उसने बैंक स्टाफ को धमकाकर लोन दिलवाने की कोशिश की थी। उसके खिलाफ रासुका (राष्ट्रीय सुरक्षा कानून) भी लगाया जा चुका है।

देहरादून से भाग गया नेपाल

पुलिस सूत्रों और सोशल मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इनाम घोषित होते ही उधम सिंह नेपाल भाग गया है। उसकी दूसरी पत्नी गीतांजलि काठमांडू में रहती है (जिसकी पहली शादी एक डिप्टी एसपी से हुई थी)। देहरादून एयरपोर्ट की फुटेज और काठमांडू में उसके साथ वायरल वीडियो भी सामने आए हैं।

इसके अलावा एक महीने पुराना वीडियो वायरल है जिसमें वह चंडीगढ़ के पास बीयर खरीदते दिख रहा है। उसके डिस्को और जिम वाले वीडियो भी सोशल मीडिया पर घूम रहे हैं। मेरठ पुलिस का कहना है कि सभी संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ये भी पढ़ें

आजमगढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा, कंटेनर में घुसी कार, 5 लोगों की मौत, हरियाणा के रहने वाले हैं सभी
Updated on:
16 May 2026 08:30 pm
Published on:
16 May 2026 08:26 pm
Also Read
View All