मिर्जापुर

मिर्जापुर में गरजी पुलिस की बंदूक, मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी गौ-तस्कर घायल, बिहार में बनाया था नया ठिकाना

Rewarded criminal Arrested: मिर्जापुर जिले में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई है। बताया जा रहा है कि इस मुठभेड़ की घटना में 25 हजार रुपए का इनामी शातिर गौ-तस्कर गिरफ्तार किया गया है।
2 min read
Mirzapur Crime News
Pc-Patrika

Encounter in Mirzapur: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई है। बताया जा रहा है कि इस मुठभेड़ की घटना में 25 हजार रुपए का इनामी शातिर गौ-तस्कर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया है और मामले की तहकीकात में जुटी हुई है। पकड़े गए बदमाश के पास से पुलिस को तमंचा, कारतूस व बिना नंबर प्लेट की एक बाइक भी बरामद हुई है। पुलिस का दावा है कि पकड़े गए बदमाश ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह घायल हुआ है।

पुलिस पर की फायरिंग

जानकारी के मुताबिक, लालगंज पुलिस को मुखबिर के जरिए बुधवार की सुबह यह सूचना मिली कि 25 हजार रुपए का इनामी गौ-तस्कर बाइक से नैड़ी कठारी से गड़बड़ा धाम रोड की तरफ जा रहा है। सूचना मिलने के बाद लालगंज पुलिस नैड़ी कठारी से गड़बड़ा धाम रोड पुलिया के पास पहुंची और संदिग्ध लोगो के खिलाफ जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान बाइक से आते हुए एक व्यक्ति को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, जिसके बाद शख्स ने पुलिस टीम पर अवैध असलहे से फायरिंग कर दी।

वहीं, फायरिंग के बाद आरोपी भागने लगा। इसके बाद लालगंज पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई शुरू की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने बताया की गोली लगने के बाद वह जमीन पर गिर पड़ा और सरेंडर कर दिया। इसी दौरान आरोपी ने नाम और पता पूछने पर बताया कि उसका नाम गुफरान है और वह बिहार के रोहतास जिले में रहता है। पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो उसके पास से एक देसी तमंचा, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद हुए। आरोपी के पास से 37500 रुपए भी बरामद हुए हैं तथा एक बिना नंबर की बाइक भी बरामद की गई है।

गोवंश खरीदने आया था बदमाश

पुलिस ने बताया है कि मुठभेड़ की इस घटना में घायल हुए बदमाश को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि वह मूल रूप से भदोही जनपद के गोपीगंज का रहने वाला है और वर्तमान में पता बदलकर बिहार के रोहतास जिले में रह रहा था। आरोपी ने बताया कि वह प्रयागराज और मध्य प्रदेश के बॉर्डर इलाके से सस्ते दाम पर गोवंश खरीद कर बिहार में अच्छे दाम पर बेचकर मुनाफा कमाता है। एक बार फिर वह गोवंश की तस्करी के लिए मिर्जापुर जनपद में आया हुआ था। गिरफ्तार किए गए आरोपी के ऊपर मिर्जापुर में तीन मुकदमे दर्ज हैं।

Updated on:
19 Aug 2026 08:09 am
Published on:
19 Aug 2026 08:09 am