मिर्जापुर जिले के कटरा कोतवाली क्षेत्र के कतवारू का पूरा सदभावना नगर में शनिवार की सुबह टहलने निकले पूर्व प्रधान व अधिवक्ता राजीव सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मौके पर पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक जांच करने पहुंचीं। उधर, हत्या की घटना का वीडियो सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गया है।
मिर्जापुर में अधिवक्ता राजीव सिंह की हत्या के मुख्य आरोपी राजेंद्र सोनकर को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के दोनों पैर में गोली लगी है, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक एनकाउंटर शनिवार देर रात करीब 10 बजे पीएसी गेट के पास पुलिस और एसओजी टीम के साथ हुई। इस दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायर किया, जवाबी फायरिंग में गोली लगने से राजेंद्र सोनकर घायल हो गया, जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर मंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया।
बता दें कि शनिवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले अधिवक्ता राजीव सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोपी ने उन्हें सीने से सटाकर तमंचे से गोली मारी थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने एक साथी के साथ फरार हो गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजक कौशिक ने तत्काल कई पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
घटना से नाराज लोगों ने दोपहर में चक्काजाम कर दिया। लोगों ने जमकर नारेबाजी की और हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मुख्य आरोपी के साथी की भी तलाश की जा रही है।