
कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र के रामपुर टप्पेवान गांव में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर के बाहर खेल रही दो साल की मासूम बच्ची को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी विक्रांत सिंह की दो वर्षीय पुत्री जाह्नवी उर्फ लाडो शनिवार शाम करीब छह बजे घर के बाहर पड़ोस के बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अचानक वहां से गुजरी और मासूम को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची उछलकर दूर जा गिरी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि उसके साथ खेल रहे अन्य बच्चे इस घटना में बाल-बाल बच गए।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर दौड़े, लेकिन तब तक कार चालक वाहन समेत फरार हो चुका था। अपनी आंखों के सामने मासूम की मौत देख परिवार के लोग बेसुध हो गए। मां सुधा, बहन मानवी, भाई कृष्णा और बाबा रामवीर का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और हर कोई स्तब्ध रह गया। ग्रामीणों की सूचना पर झींझक चौकी प्रभारी उमेश शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई। साथ ही, कार और उसके चालक की पहचान करने के लिए प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक का पता लगाकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
थानाध्यक्ष महेश दुबे ने बताया कि बच्ची के बाबा की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे को अंजाम देने वाली कार की तलाश की जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
11 Apr 2026 09:39 pm
बड़ी खबरें
View Allकानपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
