मिर्जापुर

शहनाई के बीच गूंजी गोलियों की तड़तड़ाहट! मिर्जापुर में जयमाल के दौरान युवक का मर्डर, लहूलुहान मिली लाश

Mirzapur News: मिर्जापुर में शादी समारोह के दौरान जयमाल के बीच एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शोर-शराबे के कारण किसी को फायरिंग का पता नहीं चला। घटना के बाद खुशियां मातम में बदल गईं।
2 min read
mirzapur wedding shooting youth murder
शहनाई के बीच गूंजी गोलियों की तड़तड़ाहट!

Youth Murder Mirzapur:उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। देहात कोतवाली क्षेत्र के रानीबारी गांव में एक शादी समारोह के दौरान जयमाल कार्यक्रम चल रहा था। इसी बीच पास के राजापुर गांव से आए एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जयमाल के दौरान शोर-शराबा और जश्न के माहौल में किसी को गोली चलने की भनक तक नहीं लगी, जिससे घटना ने और भी सनसनी फैला दी।

जयमाल के शोर में दब गई गोली की आवाज

शुक्रवार रात गुलाब के पुत्र सूरज की शादी में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। सभी लोग जयमाल कार्यक्रम में व्यस्त थे और दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद दे रहे थे। इसी दौरान घर से सटे रेलवे ट्रैक के पास अजय (23) को किसी ने गोली मार दी। समारोह में बज रहे डीजे और भीड़-भाड़ के कारण किसी ने गोली चलने की आवाज नहीं सुनी, जिससे हमलावर आसानी से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।

रेलवे ट्रैक के पास मिला शव, मची अफरातफरी

घटना का खुलासा तब हुआ जब कुछ लोग लघुशंका के लिए घर के पास रेलवे ट्रैक की ओर गए। वहां अजय का शव पड़ा देखकर उन्होंने शोर मचा दिया। इसके बाद शादी समारोह में अफरातफरी मच गई और खुशियों का माहौल पलभर में दहशत में बदल गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जमीन विवाद बना हत्या की वजह

मृतक अजय के पिता भूतनाथ ने आरोप लगाया है कि उनके घर के पास की आबादी की जमीन को लेकर रानीबारी गांव के बुनेला से विवाद चल रहा था। बुनेला ने पहले भी धमकी दी थी और उसी ने उनके बेटे की गोली मारकर हत्या की है। परिजनों के आरोप के आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस की कार्रवाई

एएसपी सिटी के अनुसार, सूचना मिलते ही देहात कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। जांच में सामने आया कि अजय, पुत्र भूतनाथ रैदास, की गोली मारकर हत्या की गई है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी बुंदेला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।

Also Read
View All