मिर्जापुर

‘बाबरी मस्जिद के चंदे का क्या हुआ, केवल सनातन को बदनाम किया जा रहा’, राम मंदिर में कथित चंदा चोरी विवाद पर ब्रजेश पाठक

Ayodhya Ram mandir controversy : यूपी के उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से सवाल किया है कि बाबरी मस्जिद के चंदे के बारे में वह सवाल क्यों नहीं कर रहे...
2 min read
Ram Mandir SIT investigation
राम मंदिर चढ़ावा विवाद में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का अखिलेश यादव पर तीखा हमला | फोटो सोर्स- patrika.com

Ram mandir chanda chori news: अयोध्या स्थित श्री राम मंदिर में कथित चंदा चोरी को लेकर विपक्ष सरकार पर हावी है। ऐसे में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी सरकार से लगातार सवाल पूछ रहे हैं। इसके बाद उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने विपक्ष पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि बाबरी मस्जिद के नाम पर आने वाले चंदे के घोटाले से बचने के लिए विपक्ष के लोग सरकार पर बेवजह का आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा है कि क्या किसी ने पूछा कि बाबरी मस्जिद के नाम पर आने वाले चंदे का क्या हुआ।

विपक्ष तुष्टिकरण की राजनीति कर रहा

अपने एक दिवसीय दौरे पर मिर्जापुर के विंध्याचल धाम पहुंचे प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के ऊपर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने श्री राम मंदिर में हुए कथित चंदा चोरी के मामले को लेकर कहा है कि बाबरी मस्जिद के नाम पर आने वाले चंदा का क्या हुआ। उन्होंने कहा कि कोई पूछने वाला है कि इस चंदे का आखिर हुआ क्या। इससे साफ जाहिर है कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के लोग केवल तुष्टिकरण की राजनीति कर रहे हैं और मुस्लिम मतदाताओं को लुभाने का काम कर रहे हैं।

उप-मुख्यमंत्री ने कहा है कि सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। यदि किसी भी तरह से चंदा चोरी हुई है तो सरकार ऐसे लोगों को छोड़ेगी नहीं, लेकिन एक सवाल यह भी है कि मदरसों के नाम पर बाहर से आने वाले फंड के बारे में कोई सवाल नहीं पूछता। इन फंड के नाम पर टेरर फंडिंग होती है, इस बारे में भी कोई सवाल नहीं पूछता। विपक्ष के लोग इस बात का जवाब दें कि बाबरी मस्जिद के नाम पर आने वाले चंदे के बारे में आजतक किसी ने सवाल क्यों नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ने आज तक एक बार भी बाबरी मस्जिद के नाम पर आने वाले चंदे के बारे में कोई सवाल नहीं पूछा और राम मंदिर पर दिन रात सवाल पूछ रहे हैं।

जल्द होगा दूध का दूध और पानी का पानी

उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव इस बात का भी जवाब दें कि मदरसों के नाम पर हो रहे टेरर फंडिंग को लेकर क्या उन्होंने कभी सवाल पूछा है। संभल में एक विशेष समुदाय के शख्स ने मंदिर को कब्जे में करके घर में तब्दील कर दिया था, क्या अखिलेश यादव ने उससे संबंधित कोई सवाल पूछा है। उन्होंने कहा कि केवल राम मंदिर पर उंगली उठाकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के लोग सनातन को बदनाम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह एक साजिश के तहत अयोध्या को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले में एफआईआर दर्ज हो चुकी है और पुलिस और एसआईटी पूरे मामले की जांच कर रही है। जल्द ही पूरे मामले में दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।

Updated on:
26 Jun 2026 02:47 pm
Published on:
26 Jun 2026 02:47 pm
Also Read
View All