विविध भारत

मोदी पर किए सवाल का उत्तर न मिलने पर युवक की कर दी धुलाई

14 मई को वह हावड़ा-मालदा पैसेंजर से घर लौट रहा था, पुलिस ने मामला दर्ज किया।

2 min read
fight
मोदी पर किए सवाल का उत्तर न मिलने पर युवक की कर दी धुलाई

कोलकाता। पीएम नरेंद्र मोदी और ममता बनर्जी पर किए सवालों को न बता पाने पर चार युवकों ने अलग धर्म के युवक को पीट डाला। यह वाक्या एक चलती ट्रेन में हुआ। दरअसल चारों युवक किसी मुद्दे पर बातचीत कर रहे थे। इस दौरान बगल में बैठे एक युवक से चारों ने सवाल पूछना शुरू कर दिया। उससे पीएम, पश्चिम बंगाल की सीएम तथा राष्ट्रगान पर सवाल पूछने लगे। जवाब नहीं देने पर चारों युवकों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद ट्रेन से उतर कर वह फरार हो गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एक संगठन ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

हावड़ा-मालदा पैसेंजर से घर लौट रहा था

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मालदा जिले के कालियाचक निवासी जमाल मोमिन गुजरात में मजदूरी करता है। 14 मई को वह हावड़ा-मालदा पैसेंजर से घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में एक स्टेशन से चार युवक चढ़े और उसकी सीट पर आकर बैठ गए थे। देश की राजनीति पर थोड़ी देर चर्चा करने के बाद युवकों ने मोमिन से पीएम मोदी, सीएम ममता बनर्जी और राष्ट्रगान से संबंधित सवाल पूछना शुरू कर दिया। मोमिन कम पढ़ा लिखा होने के कारण इसका जवाब नहीं दे पाया। इससे खिन्न होकर युवकों ने उसे पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान अन्य यात्री मूकदर्शक बने रहे।

जबरन भारत माता की जय के नारे लगवाए

युवकों ने उससे जबरन 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम' कहलवाया। इसके बाद आरोपित युवक बंडेल स्टेशन पर उतरकर फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि एक स्थानीय गैर सरकारी संगठन ने सहयात्री द्वारा बनाए गए वीडियो के आधार पर गुरुवार को आरोपियों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही सभी आरोपी पकड़े जाएंगे।

Updated on:
26 May 2018 10:53 am
Published on:
26 May 2018 04:38 pm