विविध भारत

सऊदी अरब के होटल में मृत पाया गया एयर इंडिया का पायलट, जिम में हुई मौत

सऊदी अरब के एक होटल में एयर इंडिया के पायलट की मौत हो गई।
2 min read
• •
Updated: 31 May 2018, 10:00 AM IST
pilot
सऊदी अरब के होटल में मृत पाया गया एयर इंडिया का पायलट, जिम में हुई मौत

नई दिल्ली। सऊदी अरब से एक दुखद घटना की खबर है। सऊदी अरब के एक होटल में एयर इंडिया के पायलट की मौत हो गई। मृतक का नाम रित्विक तिवारी (27) बताया जा रहा है, जो मुंबई के रहने वाले थे।

दिल के दौरे से हुई मौत

अधिकारियों ने मौत का कारण दिल का दौरा बताया है। अधिकारियों ने बताया कि सऊदी अरब में रियाद के एक होटल के जिम में रित्विक तिवारी की दिल को दौरा पड़ने से मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना के बाद पुलिस को बुलाया गया, जिन्होंने होटल होलीडे इन के हेल्थ क्लब के वाॅशरूम का दरवाजा तोड़कर रित्विक को बाहर निकाला।

सह-पायलट ने की पहचान

रित्विक की सह-पायलट कैप्टन रेनू माउले ने पहचान की। आनन-फानन में रित्विक को पास के अस्पताल ले जाया गया जहां डाॅक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रियाद में भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने रित्विक की मौत की पुष्टि की है।

काउन्सलर (कम्युनिटी वेलफेयर) अनिल नौटियाल ने बताया कि रित्विक सुबह होटल के जिम में एक वाॅशरूम में गिर गए जिसके बाद से अन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डाॅक्टरों ने उन्हें मृत घोषित तक दिया। अनिल नौटियाल ने कहा कि हालांकि दूतावास ने अभी अस्पताल की रिपोर्ट को पूरा तरह से पढ़ा नहीं है लेकिन मामला हार्ट-अटैक का बताया जा रहा है। बाकी पूरी सच्चाई का पता रिपोर्ट के पूरे अध्ययन के बाद ही लगेगी।

परिवार को पार्थिव शरीर का इंतजार

साथ ही दूतावास से खबर है कि उन्होंने परिवार से संपर्क कर लिया है। लेकिन उनके पार्थिव शरीर को भारत भेजे जाने से पहले बहुत सी औपचारिकताओं को पूरा करना जरूरी है।

एयर इंडिया का बयान

इसी बीच एयर इंडिया का बयान आया है कि एयरलाइन के मैनेजर रियाद में मामले पर बराबर नजर बनाए हुए हैं। रित्विक के शव को भारत लाने के लिए वो दूतावास की मंजूरी का इंतजार कर रहे हैं।

Published on: