बुधवार को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो दहशतगर्द मारे गए।
बांदीपोरा। जम्मू कश्मीर की वादियां एक बार फिर से गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठी। गुरुवार सुबह सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई, जो जारी है।खबरों के मुताबिक बांदीपोरा के हाजिन में दो से तीन आतंकी छिपे होने की खबर मिले थी। जिसके बाद सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर लिया। मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया। इलाके में फिलहाल सर्च ऑपरेशन चल रहा है। जानकारी के अनुसार यहां दो से तीन आतंकवादी छिपे हो सकते हैं। जम्मू कश्मीर के डीजीपी एसपी वैद्य ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि एक आतंकी मारा गया है, फिलहाल गोलीबारी जारी है।
दो आतंकी ढेर
इससे पहले बुधवार को अनंतनाग में दो आतंकी मार गिराए गए थे। खबरों के मुताबिक सिक्योरिटी फोर्सेस को अनंतनाग के मुनवार्ड में एक से दो आतंकवादी छिपे होने की खबर मिली। एनकाउंटर के दौरान सुरक्षाबलों ने हिज्बुल मुजाहिदीन के 2 आतंकी ढेर कर दिए। जिसमें हिज्बुल मुजाहीदिन का टॉप कमांडर अल्ताफ कचरू भी शामिल था। उसकी तलाश 2012 से की जा रही थी। अधिकारियों का कहना है कि पूरे इलाके में व्यापक पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है ताकि छिपे हुए आतंकियों को गिरफ्त में लिया जा सके। इस बीच जम्मू-कश्मीर के नवनियुक्त राज्यपाल सत्यपाल मलिक का कहना है कि जो लोग आतंकवाद के रास्ते पर हैं उनके खिलाफ किसी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी।
4 पुलिसकर्मी शहीद
बुधवार को अनंतनाग मुठभेड़ के बाद आतंकियों ने शोपियां में हमला किया। इस हमले में चार पुलिसकर्मी शहीद हो गए। पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद (जेईएम) ने हिज्बुल मुजाहिदीन के साथ मिलकर इस आतंकी हमले की जिम्मेदारी ली है। एक अज्ञात कॉलर ने खुद को जेईएम का एक प्रवक्ता बताते हुए श्रीनगर में समाचार एजेंसी जीएनएस को फोन कर इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए जानकारी दी। उसने कहा कि हमले में चार पुलिसकर्मियों की मौत हुई है । साथ ही उनके पास से हथियार लेकर फरार हो गए। बता दें कि इस आतंकी हमले में सिपाही इश्फाक अहमद मीर, जावेद अहमद भट, मोहम्मद इकबाल मीर और एसपीओ आदिल मंजूर भट शहीद हो गए थे।