विविध भारत

दिल्लीवासियों को नि:शुल्क योग सिखाएगी केजरीवाल सरकार

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि दो अक्टूबर से लोगों को नि:शुल्क योग इंस्ट्रक्टर उपलब्ध करवाना शुरू कर दिया जाएगा।
2 min read
• •
Updated: 21 Jun 2021, 9:31 AM IST
arvind kejriwal
arvind kejriwal

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राज्य में योग को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली फार्मास्यूटिकल साइंसेज एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी में 'ध्यान और योग विज्ञान केंद्र' (मेडिटेशन एंड योग साइंस सेंटर) का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि हम योग को एक जन आंदोलन में बदलना चाहते हैं और इसके लिए सरकार कई नए कदम उठा रही है।

केजरीवाल ने कहा कि इस दिशा में सफलता प्राप्त करने के लिए बजट का भी प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही यदि 20 से 40 लोग एक समूह के रूप में योग सीखना चाहते हैं तो सरकार उनके लिए भी नि:शुल्क योग इंस्ट्रक्टर उपलब्ध करवाएगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में लगभग 450 योग इंस्ट्रक्टर्स को ट्रेनिंग दी जा रही है तथा दो अक्टूबर से लोगों को नि:शुल्क योग इंस्ट्रक्टर उपलब्ध करवाना शुरू कर दिया जाएगा।

सीएम ने कहा कि योग करने से बॉडी में इम्यूनिटी बढ़ेगी और कोरोना जैसी संक्रामक बीमारियों के विरुद्ध प्रभावी ढंग से लड़ सकेंगे। उन्होंने आगे कहा कि मरीजों में पोस्ट कोविड रिकवरी के लिए भी योग काफी हेल्पफुल सिद्ध हुआ है।

दिल्ली सरकार ने शुरू किया योग का कोर्स
इस अवसर पर दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि सरकार ने योग के लिए एक वर्षीय कोर्स शुरू किया है। इसमें पतंजलि के योग सिद्धांतों के साथ-साथ बुद्ध द्वारा बताए गए ध्यान के तरीकों को भी जोड़ा गया है। जो भी लोग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए योग को अपनाना चाहेंगे, उनके लिए इंस्ट्रक्टर उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दिल्ली सरकार उठाएगी।

Published on: