विविध भारत

अयोध्या विवाद: सुप्रीम कोर्ट में आज से रोज होगी सुनवाई, जल्द आएगा फैसला

सुप्रीम कोर्ट में अयोध्या के विवादित स्थल पर मालिकाना हक से जुड़े केस पर शुक्रवार यानी आज से सुनवाई होने जा रही है।
2 min read
• •
Updated: 6 Jul 2018, 9:49 AM IST
sc
अयोध्या विवाद: सुप्रीम कोर्ट में आज से रोज होगी सुनवाई, जल्द आएगा फैसला

नई दिल्ली। अयोध्या विवाद पर एक बार फिर से बहस शुरू होने वाली है। सुप्रीम कोर्ट में अयोध्या के विवादित स्थल पर मालिकाना हक से जुड़े केस पर शुक्रवार यानी आज से सुनवाई होने जा रही है।

17 मई को हुई थी मामले पर सुनवाई

बता दें कि इससे पहले 17 मई को इस मामले पर सुनवाई हुई थी और अगली सुनवाई 6 जुलाई तक के लिए स्थगित कर दी गई थी।

मुस्लिम पक्षकारों ने पेश की थी अपनी दलीलें

गौरतलब है कि 17 मई को मुख्य न्यायाधीश दीपक मिश्रा, जस्टिस अशोक भूषण और एसए नजीर की पीठ ने इस पर सुनवाई की थी, जिसमें मुस्लिम पक्षकारों ने अपनी दलीलें पेश की थी और कहा कि 1994 के इस्माइल फारूकी फैसले में कहा गया है कि मस्जिद में नमाज पढ़ना इस्लाम का अभिन्न अंग नहीं है और इसे दोबारा परीक्षण के लिए संवैधानिक पीठ को भेजा जाना चाहिए।

नहीं भेजा जाना चाहिए संवैधानिक पीठ में..

लेकिन इस पर हिंदू पक्ष ने कहा कि वह मुद्दा जमीन अधिग्रहण के संबंध में था और मौजूदा मामला टाइटल विवाद का है। इस लिहाज से उस फैसले का इस मामले से कोई लेना देना नहीं है। इसलिए इस मामले को संवैधानिक पीठ में नहीं भेजा जाना चाहिए।

उत्तर प्रदेश हाई कोर्ट ने 2010 में दिया था ये आदेश

गौरतलब है कि 2010 में उत्तर प्रदेश हाई कोर्ट ने अयोध्या की विवादित जमीन को सुन्नी वक्फ बोर्ड, निर्मोही अखाड़ा और राम लला के बीच बराबर-बराबर बांटने का आदेश दिया था। सुप्रीम कोर्ट की विशेष पीठ में हाई कोर्ट के इसी फैसले के खिलाफ दायर 14 याचिकाओं पर सुनवाई चल रही है।

हिन्दू परिषद के कार्याध्यक्ष आलोक कुमार का बयान

वहीं विश्व हिन्दू परिषद के कार्याध्यक्ष आलोक कुमार ने भी मामले पर अपना बयान दिया और उम्मीद जताई है कि इस साल के आखिर तक या सितंबर तक इस मामले पर आखिरी निर्णय आ सकता है और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का रास्ता साफ हो सकता है।

Published on: