
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को झारखंड से दुनिया की सबसे बड़ी सरकारी स्वास्थ्य बीमा योजना 'आयुष्मान भारत -प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PMJAY) का शुभारंभ करेंगे। 10 करोड़ परिवारों को पांच लाख तक की कैशलेश स्वास्थ्य बीमा वाली इस योजना का शुभारंभ पीएम मोदी रांची के प्रभात तारा मैदान में करने वाले हैं। पीएम की सुरक्षा को लेकर पूरे शहर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। सभा स्थल पर हर तरह की स्थिति से निपटने के लिए एसपीजी, सेना, सीआईडी, एसटीएफ समेत देश की टॉप एजेंसियां लगी हैं। खबर है कि सभा स्थल पर कोई काला कपड़ा पहन कर नहीं जा सकता है, इसके लिए बकायदा एक निर्देश जारी हुआ है।
हिरासत में लिए जाएंगे काला कपड़ा पहनने वाले लोग
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा और किसी भी विरोध से बचने के लिए सुरक्षा एजेंसी ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। जिसके मुताबिक सभा स्थल पर जाने वाले हर शख्स की बारीकी से जांच की जाएगी, इसके बाद ही उन्हें प्रवेश मिलेगा। सभा स्थल के अंदर मोबाइल फोन और कैमरे के इस्तेमाल पर भी पाबंदी है। सबसे अहम बात कि पीएम के सभा स्थल के आस पास कोई काला कपड़ा नहीं पहन कर आ सकता। अगर कोई जबरदस्ती आना चाहता है तो उसे तुरंत बैगर किसी अफरा तफरी के हिरासत में ले लिया जाएगा।
क्या है 'आयुष्यमान भारत' योजना?
मोदी सरकार शनिवार को आम जनता के लिए विश्व की सबसे बड़ी हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम लेकर आ रही है। मोदी केयर के नाम से मशहूर 'आयुष्मान भारत' योजना की शुरुआत आज झारखंड से होने वाली है। इस योजना के तहत मोदी सरकार देश के 10 करोड़ परिवारों को सालाना 5 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराएगी। यह योजना पीएम मोदी की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक है। इस योजना के तहत सरकार ने 10,000 करोड़ रुपए आवंटित किए हैं। वहीं, इस योजना के अंतर्गत सरकार 10 लाख परिवार जो गरीबी रेखा के नीचे हैं, उन्हें स्वास्थ्य बीमा देगी और इलाज के लिए 5 लाख रुपए तक की सहायता राशि मिलेगी। बता दें कि स्कीम का लाभ लेने के लिए किसी पंजीयन की आवश्यकता नहीं है। केवल बीमारी के इलाज के लिए सिर्फ पहचान पत्र ले जाना होगा।