
नई दिल्ली। बिहार में विधानसभा चुनाव ( bihar assembly election ) के पहले चरण के मतदान के बीच बड़ी खबर सामने आई है। यहां नवादा जिले के अकबरपुर प्रखंड के फुलमा बूथ पर पोलिंग ऐजेंट कृष्णा सिंह का ह्दयगति रुकने से निधन हो गया। इस कारण थोड़ी देर के लिए इस मतदान केंद्र पर मतदान बाधित रहा।
वहीं रोहतास जिले के संझौली प्रखंड के उदयपुर गांव में बूथ नंबर 151 पर मतदान के लिए खड़े एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत होने की सूचना मिली है। बुजुर्ग का नाम बाराखाना गांव निवासी हीरा लाल सिंह बताया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक हीरा लाल को हार्ट अटैक आने से मतदान केन्द्र के बाहर ही उनकी मौत हो गई। यहां भी बुजुर्ग की मौत के बाद कुछ देर के लिए मतदान रोका गया हालांकि फिर शुरू हो गया।
इस बीच गया के वजीरगंज बूथ में वोट के बहिष्कार की भी सूचना मिली है। वजीरगंज विधानसभा के बारा गांव में लोगों ने बूथ संख्या 85 पर मतदान बहिष्कार का ऐलान किया।