
नई दिल्ली। बिहार के सहदेई बुजुर्ग से बड़े रेल हादसे की खबर सामने आई है। यहां जोगबनी-आनंद विहार टर्मिनल सीमांचल एक्सप्रेस के 11 कोच अचानक ट्रैक से उतर गए हैं। हादसे में 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 24 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना होते ही ट्रेन में चीख पुकार मच गई। तभी ट्रेन में सवार कुछ लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम और रेलवे के नंबर पर दी। जानकारी के अनुसार यह हादसा रविवार तड़के करीब 3.58 बजे हुआ। ट्रेन जोगबनी से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली आ रही थी। इसके साथ ही रेलवे ने दुर्घटना में किसी साजिश से भी इनकार नहीं किया गया है।
राहत और बचाव टीम घटनास्थल पर पहुंची
हादसे की सूचना मिलते ही राहत और बचाव टीम घटनास्थल पर पहुंची। इसके साथ ही एनडीआरएफ की टीम को भी राहत कार्य में लगाया गया है। रेलवे के आला अधिकारी भी हादसे की सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंच चुके। इसके बाद डॉक्टरों की टीम भी घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई। हालांकि अभी तक हादसे की वजह का पता नहीं चल पाया है। घायल लोगों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे की सूचना रेल मंत्री पीयूष गोयल को भी दी गई
उधर, दिन निकलते ही हुए इस हादसे की सूचना रेल मंत्री पीयूष गोयल को भी दी गई। वहीं, पीयूष गोयल ने ट्वीट कर बताया गया कि बिहार के सहदेई बुजुर्ग में जोगबनी-आनंद विहार टर्मिनल सीमांचल एक्सप्रेस के 9 डिब्बे पटरी से उतर गए हैं। जिसके बाद घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया है। रेल मंत्री ने ट्रेन हादसे के बाद भारतीय रेलवे द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों को भी शेयर किया है।