
चेन्नई। तमिलनाडु कांग्रेस के एक दिग्गज नेता एक लड़की के फोटो के साथ लिखे कैप्शन की वजह से सोशल मीडिया पर ट्रोल हो गए हैं। राज्य के अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष जे असलम बाशा ने गुरुवार को एक फोटो ट्वीट किया है। इस फोटो में एक लड़की रिक्शा खींच रही है और रिक्शा की सीट पर एक वृद्ध बैठे हुए हैं।
तेजी से वायरल हो रहा ट्वीट
बाशा ने इस फोटो पर कैप्शन में लिखा है कि रिक्शा खींच रही लड़की आइएएस टॉपर है जो रिक्शा चलाने वाले अपने पिता को बिठाकर ले जा रही हैं। बाशा का यह ट्वीट तेजी से वायरल हुआ हो रहा है, इस फोटो को 2700 यूजर्स ने पसंद किया है जबकि 800 अकाउंट्स से शेयर भी किया गया है। वहीं फेसबुक पर इस फोटो को करीब 24,600 यूजर्स ने शेयर किया है, जबकि पांच हजार लोगों ने इस पर रिएक्ट किया है।
...ये है लड़की और उसकी फोटो का सच
फोटो में रिक्शा खींचते दिखाई दे रही यह 25 वर्षीय युवती आइएएस टॉपर नहीं बल्कि एक ट्रैवलर और इंस्टाग्रामर है जिसका नाम श्रमोना पोद्दार है। इस फोटो को एक आउटडोर एडवेंचर प्रोडक्ट्स के मार्केटिंग कैंपेन के लिए 24 अप्रैल को शेयर की गई थी। श्रमोना ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर इस फोटो को रिपोस्ट करते हुए लिखा है, 'वह कोलकाता के शोभाबाजार में रिक्शा चलाना चाहती है।'