
नई दिल्ली। केरल में बाढ़ के चलते मची भयानक तबाही को देखते हुए कांग्रेस के सभी विधायक, सांसद और विधान परिषद सदस्य एक-एक महीने का वेतन मदद के लिए देंगे। पार्टी की बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने यह फैसला लिया है। इसके साथ ही राहुल ने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से यह भी कहा कि वे केरल समेत दूसरे राज्यों में आई बाढ़ से प्रभावित लोगों की हर संभव सहायता करें। कांग्रेस ने केरल को हुए नुकसान के मुकाबले केंद्र की ओर से दी गई राहत राशि को भी नाकाफी बताया।
राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग
कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से केरल की बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की भी मांग की है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, 'बैठक में पूरे देश में बाढ़ की स्थिति पर चर्चा की गई। राहुल गांधी और कांग्रेस ने मांग रखी है कि केरल की बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित किया जाए।'
ऐसे बढ़ाया मदद का हाथ
सुरजेवाला ने बताया, 'कांग्रेस अध्यक्ष और पार्टी ने फैसला किया है कि लोकसभा और राज्यसभा के सभी सांसद, सभी राज्यों के कांग्रेस विधायक और विधान परिषद के सदस्य एक महीने का वेतन केरल के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए देंगे। केरल से सटे राज्यों की कांग्रेस की इकाइयों ने बाढ़ राहत समिति का गठन किया है। ये समितियां राहत सामग्री केरल में पहुंचाएंगी।'
100 सालों में सबसे भयानक केरल का हाल
केरल में बाढ़ के चलते अब तक 300 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। राज्य सरकार ने बाढ़ के चलते करीब 20 हजार करोड़ रुपए के नुकसान की बात कही है। उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार से राहत राशि के रूप में एक हजार करोड़ रुपए मांगे गए थे, लेकिन केंद्र ने 600 करोड़ रुपए दिए हैं।