
नई दिल्ली। कोरोना वैक्सीन को लेकर सरकार की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। 12 से 14 जनवरी तक दिल्ली में दिल्ली में कोरोना वैक्सीन पहुंच जाएगी और टीकाकरण के लिए लगभग एक हजार केंद्र तैयार किए जा रहे हैं। हालांकि केंद्र सरकार ने फिलहाल दिल्ली सरकार से 89 वैक्सीन सेंटर निर्धारित करने को कहा है। जिनमें 40 सेंटर सरकारी और 49 सेंटर प्राइवेट हॉस्पिटलों को शामिल करने के लिए कहा है।
89 साइटों पर होगा कोरोना वैक्सीनेशन
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने मीडिया से बात करते हुए बताया है कि पहले चरण में 89 साइटों पर कोरोना वैक्सीनेशन किया जाएगा। जैन ने कहा 13 जनवरी तक कोरोना वैक्सीन दिल्ली पहुंच जाएगी और 16 जनवरी से टीकाकरण अभियान शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए सरकार ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है।
स्वास्थ्य मंत्री ने आगे कहा कि हमें कोरोना वैक्सीन मिलने का इंतजार है। जैसे ही हमारे पास वैक्सीन आती है हम आगे का प्रासोस शुरू कर देंगे। उन्होंने कहा कि हमने केंद्र सरकार से आग्रह किया है देश में वैक्सीन सबको मु़फ्त दी जाए लेकिन अभी इसके बारे में कोई सूचना नहीं मिली है।
51 लाख लोगों का होगा टिकाकरण
जैन ने बताया कि कोरोना वैक्सीन सबसे पहले 2 लाख 25 हजार हेल्थ वर्कर्स को लगाया जाएगा। इसके बाद फ्रंटलाइन वर्कर जैसे पुलिस, सफाई कर्मचारी, जल बोर्ड के कर्मचारियों को वैक्सीन लगाई जाएगी। इसके अलावा दिल्ली सरकार ने टीचर्स को पहले चरण में शामिल किया है, क्योंकि टीचर्स कोरोना काल में फ्रंटलाइन वर्कर्स बन आगे आकर दिल्ली की सेवा की है। इसके बाद 50 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों और गंभीर बीमारियों से ग्रसित 50 साल से कम उम्र के लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी। हम पहले चरण में लगभग 51 लाख लोगों का टिकाकरण करने वाले हैं।
बता दें केंद्र सरकार ने पूरे देश में 5000 वैक्सीन सेंटर निर्धारित किए हैं, जिन्हें किसी न किसी अस्पताल के साथ जोड़ा गया है। हर एक सेंटर पर 8-10 मेडिकल स्टाफ मौजूद होंगे।