विविध भारत

COVID-19: दिल्ली के क्वारनटाइन सेंटर से फरार युवक 3 दिन बाद हरियाणा से गिरफ्तार

  हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है आरोपी 8 दिन पहले शराब तस्करी के आरोप में हुआ था गिरफ्तार क्वारनटाइन सेंटर से भागने के बाद पैदल पहंचा सांपला
2 min read
• •
Updated: 19 Apr 2020, 2:55 PM IST
e044ccdc-17bb-41a4-8c95-0d0f038c6ab2.jpg

नई दिल्ली। दिल्ली के एक क्वारनटाइन सेंटर ( Quarantine Center) से फरार 22 वर्षीय युवक को पुलिस ने 3 दिन बाद हरियाणा में पकड़ लिया। इस बात की जानकारी देते हुए दिल्ली पुलिस ने बताया कि युवक को शराब तस्करी के मामले में 9 दिन पहले गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उसने दावा किया था कि उसने एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में हिस्सा लिया था, जिनकी मौत कोविड-19 संक्रमण (Covid-19 Infection) के चलते हुई थी। इसके बाद युवक को क्वारनटाइन में रखा गया था।

दिल्ली पुलिस ने कहा कि आरोपी युवक और उसके साथी को दूध के खाली डिब्बों में शराब की तस्करी करने के मामले में शादीपुर इलाके से गत 10 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया था। आरोपी हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल के क्वारनटाइन सेंटर से बुधवार शाम को फरार हो गया था। क्वारनटाइन सेंटर से फरार होने के बाद वह पैदल ही हरियाणा (Haryana) के सांपला पहुंच गया। जानकारी मिलने के बाद पुलिस आरोपी युवक को दोबारा वहां से पकड़ लाई है।

आपको बता दें कि बीते 17 अप्रैल को इंदौर में भी एक ऐसा ही मामला सामने आया था। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में पुलिस ने इंदौर के क्वारंटाइन सेंटर से भागे दो कोविड-19 ( COVID-19 ) संक्रमित समेत 4 लोगों को ट्रक से जाते समय पकड़ लिया था। चारों ट्रक से अपने यूपी पहुंचने की कोशिश कर रहे थे। सीएसपी पुनीत गहलोत ने बताया कि 40 से 60 वर्ष की उम्र के चार लोगों को इंदौर से करीब 550 किलोमीटर दूर मुरैना जिले में बृहस्पतिवार की देर रात को पकड़ा गया।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की पहले आई रिपोर्ट के मुताबिक इनमें से दो लोग जांच में कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे। सीएसपी ने बताया कि उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले चारों लोग एक ट्रक में सवार होकर अपने यूपी में प्रवेश की कोशिश कर रहे थे। ट्रक के चालक और क्लीनर को भी चारों लोगों के साथ मुरैना में मेडिकल निगरानी में रखा गया है। उनकी सेहत की जांच की जा रही है।

सीएसपी पुनीत गहलोत ने बताया कि क्वारंटाइन सेंटर से भागे 4 लोगों के खिलाफ इंदौर के राजेंद्र नगर पुलिस थाने में भारतीय दंड विधान की धारा 188 और धारा 270 और अन्य संबद्ध धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि क्वारंटाइन सेंटर से भागे एक व्यक्ति की तलाश जारी है। वह भी कोरोना वायरस से संक्रमित है।

Updated on:
19 Apr 2020, 2:55 PM IST
Published on: