
नई दिल्ली। कोरोना वायरस ( coronavirus ) की वजह से देश भर में जारी लॉकडाउन 2.0 ( Lockdown 2.0 ) पर सख्ती से अमल जारी है। लेकिन केरल में कोरोना मामलों की संख्या में गिरावट को देखते हुए 20 अप्रैल से प्रदेश सरकार कुछ मामलों में छूट देने की योजना पर काम कर रही है। जानकारी के मुताबिक केरल सरकार प्रदेश के 14 जिलों में से कम से कम 7 जिलों में कुछ हद तक सामान्य हालात की बहाली की दिशा में कदम उठा सकती है।
इन 7 जिलों में रेस्तरां को खोला जाएगा और ऑड-ईवन ( Odd-Even ) फॉर्म्युले पर कुछ सरकारी और निजी गाड़ियों को भी चलने की अनुमति दी जाएगी। फिलहाल केरल सरकार ने पूरे प्रदेश को रेड, ऑरेंज ए, ऑरेंज बी और ग्रीन जोन में बांटने का फैसला लिया है।
पिछले 21 दिनों के देशव्यापी लॉकडाउन के दौरान केरल सरकार ने केंद्र के सामने एक प्रस्ताव रखा था जिसमें केरल को 4 जोन ( रेड, ऑरेंज ए, ऑरेंज बी और ग्रीन जोन) में बांटा गया है। इनमें से तीन जोन में चरणबद्ध तरीके से प्रतिबंधों में छूट देने की बात कही गई थी। केंद्र सरकार ( Central Government ) ने शुक्रवार को केरल के इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी थी जिसके बाद अब सोमवार से इसे राज्य में लागू करने पर काम चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक ग्रीन जोन में शामिल केरल के दो जिलों कोट्टायम और इडुक्की में सोमवार से जनजीवन तकरीबन सामान्य हो जाएगा। यहां कोरोना का एक भी ऐक्टिव केस नहीं है। वहीं ऑरेंज बी जोन के जिलों तिरुवनंतपुरम, अलप्पुझा, त्रिशूर, पलक्कड और वायनाड में कुछ प्रतिबंधों को सोमवार से हटा लिया जाएगा।
बता दें कि बीते 7 दिनों के दौरान केरल में कोरोना वायरस के संक्रमण के मामले सिंगल डिजिट में सिमटकर रह गए हैं। बुधवार को तो पूरे प्रदेश में केवल एक मरजी ही सामने आए थे। दूसरी तरफ केरल में कोरोना के संक्रमण से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या में भी तेजी आई है। केरल में अबतक कोरोना के कुल 396 मामले सामने आए हैं जिनमें से 255 लोग संक्रमण से मुक्त होने के बाद डिस्चार्ज हो चुके हैं।
केरल में कोरोना की वजह से 3 लोगों की मौत भी हुई है। देश में कोरोना के सबसे पहले मामले केरल में ही सामने आए थे और इस समय केरल कोरोना से निपटने के मामले में भी देश में सबसे आगे है।
Updated on:
19 Apr 2020, 2:05 PM IST
Published on:
19 Apr 2020, 9:08 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.