पिल्लै कैंसर से पीड़ित थे और उनका एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था।
नई दिल्ली। केरल के एलडीएफ विधायक एन विजयन पिल्लै ( LDF Mla N Vijyan pillai ) का रविवार तड़के कोच्चि के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। पिल्लै 65 वर्ष के थे। जानकारी के मुताबिक पिल्लै के परिवार में उनकी पत्नी एवं तीन बच्चे हैं। वह कोल्लम जिले के चवारा विधानसभा ( Chawara Vidhansabha ) क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते थे। वह कैंसर से पीड़ित थे और उनका उपचार चल रहा था।
बता दें कि केरल के 65 वर्षीय नेता एन विजयन पिल्लै ने अपना राजनीतिक करियर की शुरुआत क्रांतिकारी सोशलिस्ट पार्टी ( Krantikari Socialist Party ) से की थी। वह बेबी जॉन के करीबी और सहयोगी थे।
केरल के चवारा विधानसभा सीट से विधायक रहे एन विजयन पिल्लै ने 1979 में पंचायत सदस्य के तौर पर राजनीतिक करियर ( Political Career ) की शुरुआत की थी। उन्हें 2000 में जिला पंचायत का सदस्य चुना गया था। वह वरिष्ठ नेता अरविंदाक्षन के नेतृत्व में सीएमपी के एक धड़े के नेता थे। उन्होंने एलडीएफ उम्मीदवार के तौर पर चवारा से 2016 विधानसभा चुनाव जीता था। पिल्लई ने स्थानीय विधायक और जॉन के बेटे, शिबु बेबी जॉन को 6,189 वोटों से हराया था। इसके बाद उनका सियासी कद केरल में बढ़ गया था।
अरविंदाक्षन के मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी में विलय के बाद वह ( MCP ) माकपा सदस्य बन गए थे। उनका अंतिम संस्कार सोमवार सुबह चवारा में किया जाएगा। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और विधानसभा में विपक्ष के नेता रमेश चेन्नीथला ने विधायक के निधन पर शोक व्यक्त किया है।