विविध भारत

केजरीवाल के मंत्री और गोवा के मंत्री में फ्री बिजली को लेकर हुई लाइव बहस, जानिए किसने क्या कहा

लाइव डिबेट में सत्येन्द्र जैन ने दिल्ली मॉडल की तारीफ करते हुए कहा कि दिल्ली में 200 यूनिट तक बिजली का उपयोग पूरी तरह से मुफ्त है और 400 यूनिट तक इलेक्ट्रिसिटी की रेट आधी रखी गई है।

2 min read

नई दिल्ली। देश के दो राज्य दिल्ली और गोवा के मंत्रियों के बीच गोवा की जनता को 24 घंटे बिजली देने को लेकर सोमवार को लाइव डिबेट हुई। इस डिबेट में दिल्ली के विद्युत मंत्री सत्येन्द्र जैन तथा गोवा के ऊर्जा मंत्री नीलेश कैबराल ने अपनी-अपनी सरकारों के द्वारा किए जा रहे कार्य को बताया।

लाइव डिबेट के दौरान ही आम आदमी पार्टी के सत्येन्द्र जैन ने दिल्ली में केजरीवाल मॉडल की प्रशंसा करते हुए गोवा के लोगों से कहा कि यदि गोवा में हमारी सरकार बनती है तो अगले पांच वर्षों में गोवा के लोगों को 24 घंटे इलेक्ट्रिसिटी मिलेगी। यहां पर इन्वर्टर और जनरेटर का उपयोग बिल्कुल बंद हो जाएगा। इस पर जवाब देते हुए गोवा के ऊर्जा मंत्री ने कहा कि गोवा में जनता की भलाई के लिए दिल्ली से अच्छी स्कीम और मॉडल का उपयोग किया जा रहा है और इससे जनता को काफी लाभ भी मिल रहा है।

दिल्ली के बिजली मंत्री सत्येन्द्र जैन ने 300 यूनिट फ्री बिजली का वादा किया
लाइव डिबेट में सत्येन्द्र जैन ने दिल्ली मॉडल की तारीफ करते हुए कहा कि दिल्ली में 200 यूनिट तक बिजली का उपयोग पूरी तरह से मुफ्त है और 400 यूनिट तक इलेक्ट्रिसिटी की रेट आधी रखी गई है। यदि गोवा में आम आदमी पार्टी की सरकार बनती है तो गोवा के उपभोक्ताओं को 300 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी। जैन ने यह भी कहा कि करदाताओं का पैसा उनकी ही भलाई के लिए प्रयोग होना चाहिए न कि विधायकों की खरीद-फरोख्त के लिए।

उन्होंने गोवा सरकार पर आरोप लगाते हुए यह भी कहा कि गोवा के मंत्रियों को मुफ्त बिजली दी जा रही है। इस पर नीलेश कैबराल ने उनका विरोध किया। हालांकि इसके बाद जैन ने कुछ पेपर्स दिखाते हुए अपनी बात को सही सिद्ध करने का प्रयास किया।

गोवा के ऊर्जा मंत्री ने जवाब में यह कहा
सत्येन्द्र जैन द्वारा फ्री बिजली दिए जाने के वादे पर नीलेश कैबराल ने कहा कि भाजपा सरकार मुफ्त बिजली नहीं देगी परन्तु उस पर दी जा रही सब्सिडी जारी रखेगी। फ्री बिजली देने पर सरकारी खजाने को भारी नुकसान होगा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी फ्री बिजली दे रही है लेकिन उसकी भरपाई के लिए भारी-भरकम टैक्स भी लगाए जा रहे हैं।

अरविंद केजरीवाल ने बहस को बताया बेहतरीन
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दोनों मंत्रियों के बीच हुई इस बहस को लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा इतने वर्षों के शासन के बाद भी गोवा वासियों को 24 घंटे बिजली उपलब्ध नहीं करवा सकी जबकि आप पार्टी यदि सत्ता में आती है तो गोवा में भी मुफ्त और निर्बाध बिजली दी जाएगी।

उल्लेखनीय है कि अगले वर्ष गोवा में विधानसभा चुनाव होने हैं। एक तरफ जहां भाजपा के सामने अपनी सरकार बचाए रखने की चुनौती है तो वहीं दूसरी ओर आम आदमी पार्टी भी अब दिल्ली के बाद गोवा में सरकार बनाना चाहती है।

Updated on:
27 Jul 2021 10:20 am
Published on:
27 Jul 2021 08:36 am
Also Read
View All
Jabalpur cruise accident: झुमका जलाशय में भी हो सकता है जबलपुर जैसा हादसा! क्रूज से कराते हैं सैर, लेकिन पर्याप्त लाइफ जैकेट नहीं, डस्टबीन में मिलीं शराब की बोतलें

Children drowned: नदी में नहाने उतरे 2 मासूम बालक-बालिका की डूबकर मौत, किनारे पड़े थे कपड़े, लेकिन गायब थे बच्चे

International Labour Day: अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर महापौर और सभापति ने सफाई कर्मियों के पखारे पैर, किया सम्मानित

IG action in fire case: पटाखा-प्लास्टिक गोदाम में आग: संचालकों पर लगी धारा देख IG हुए नाराज, कहा- इसमें गैर जमानती धाराएं क्यों नहीं जोड़ी?

Trains cancelled news: 3 और 10 मई को ये ट्रेनें रहेंगीं रद्द, अंबिकापुर-बौरीडांड़ रूट पर जाने से पहले पढ़ लें ये खबर…