विविध भारत

दिल्ली में 3 अप्रैल के बाद पिछले 24 घंटों में सबसे कम 12 लोगों की कोरोना से मौत, 228 नए मामले दर्ज

दिल्ली में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के कारण 12 मौतें दर्ज की गईं, जो 3 अप्रैल के बाद सबसे कम है। लगातार पांचवें दिन कोविड-19 के नए मामले 300 से कम रिकॉर्ड किया गया। बीते 24 घंटों में सिर्फ 228 नए मामले सामने आए, जबकि 364 लोग ठीक हुए।

2 min read
Jun 15, 2021
Delhi Records Lowest 12 death To Covid-19 In last 24 hours After April 3, 228 New Cases

नई दिल्ली। कोरोना संक्रमण के दूसरी लहर की रफ्तार अब धीमी पड़ चुकी है और राष्ट्रीय स्तर पर लगातार दैनिक नए मामलों की संख्या में गिरावट दर्ज की जा रही है। साथ ही मौत के आंकड़ों में भी कमी देखी जा रही है। इसी कड़ी में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बीते 24 घंटों में महज 12 कोरोना मरीजों की मौत दर्ज की गई, जो कि बीते 3 अप्रैल के बाद से एक दिन में सबसे कम मामला है। इस साल 3 अप्रैल को दिल्ली में कोरोना से सबसे कम 10 लोगों की मौत हुई थी।

दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार, दिल्ली में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के कारण 12 मौतें दर्ज की गईं, जो 3 अप्रैल के बाद सबसे कम है। लगातार पांचवें दिन कोविड-19 के नए मामले 300 से कम रिकॉर्ड किया गया। बीते 24 घंटों में सिर्फ 228 नए मामले सामने आए, जबकि 364 लोग ठीक हुए।

इसके साथ, राष्ट्रीय राजधानी में कुल मामले बढ़कर 14,31,498 हो गए, जिसमें 3,078 सक्रिय मामले शामिल हैं। 18 मार्च, 2021 को दिल्ली में सक्रिय मामले 2,924 थे। वहीं 12 नई मौतों के साथ मरने वालों का कुल आंकड़ा बढ़कर 24,851 हो गया है। जबकि ठीक होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 14,03,569 हो गया है।

पॉजिटिविटी रेट में भी गिरावट

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लगातार पॉजिटिविटी रेट में भी गिरावट देखी जा रही है। अब पॉजिटिविटी रेट गिरकर 0.32 फीसदी हो गया है। 1 मार्च, 2021 में पॉजिटिविटी रेट 0.21 फीसदी थी।

राहत के संकेत के तौर पर राजधानी में आज रिकवरी रेट बढ़कर 98.04 फीसदी हो गया है। 2 मार्च के बाद यह दूसरी सबसे बड़ी रिकवरी दर है। इस साल 2 मार्च को रिकवरी रेट 98.05 फीसदी था।

पिछले साल महामारी शुरू होने के बाद से 20 अप्रैल को दिल्ली में कोरोना संक्रमण के सबसे अधिक 28,395 नए मामले दर्ज किए गए थे। 26 अप्रैल को दिल्ली में 36.24 प्रतिशत की उच्चतम सकारात्मकता दर दर्ज की थी।

राजधानी दिल्ली में बीते 24 घंटों में कुल 60,949 लोगों को कोरोना टीका लगाया गया। इसके साथ राजधानी में कुल टीकाकरण लाभार्थियों की संख्या बढ़कर 61,47,977 पहुंच गया।

लॉकडाउन में मिली छूट

दिल्ली सरकार ने करीब डेढ़ महीने के बाद लॉकडाउन में ढील देते हुए बाजारों और मॉल को फिर से खोलने की इजाजत दे दी। नए दिशा-निर्देशों के अनुसार, 50 प्रतिशत बैठने की क्षमता पर रेस्तरां खोलने की अनुमति होगी जबकि दिल्ली मेट्रो और बसें 50 प्रतिशत क्षमता के साथ चल सकती हैं।

दिल्ली सरकार ने 19 अप्रैल को COVID-19 की दूसरी लहर के चरम पर राष्ट्रीय राजधानी में लॉकडाउन की घोषणा की थी। इसके बाद से लगातार लॉकडाउन को बढ़ाया गया। इसके बाद जब कोविड के मामलों में गिरावट दर्ज की जाने लगी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने घोषणा की कि 31 मई से चरणबद्ध तरीके से अनलॉक प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

Published on:
15 Jun 2021 09:14 pm
Also Read
View All