हिमाचल के किन्नौर में हिमस्खलन में सेना के 5 जवान बर्फ में फंसे हुए हैं। बचाव के लिए सेना, पुलिस और आईटीबीपी ने चलाया रेरेस्क्यू ऑपरेशन। मौसम बिगड़ने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन बीच में ही रुक गया है।
नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश के साथ लगी तिब्बत सीमा के पास खराब हुए हिमस्खलन में सेना के 5 जवान बर्फ में फंसे हुए हैं। जवानों के बचाव के लिए सेना, पुलिस और आईटीबीपी की ओर से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन अभी तक कोई सफलता हाथ नहीं लग पाई है। वहीं, मौसम बिगड़ने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन बीच में ही रुक गया है। आपको बता दें कि इस हिमस्खलन में सेना का एक जवान शहीद हो गया था, जबकि पांच अन्य जवान बर्फबारी में फंसे हुए हैं। प्रशासन ने संदेह जताया है कि बर्फ में दबे पांच सैनिकों के बचने की संभावना बहुत कम है।
राज्य सरकार के एक अधिकारी के अनुसार लगातार हो रही बर्फबारी और हिमस्खलन के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आधिकारी ने मौसम साफ होने के बाद ऑपरेशन फिर से शुरू किए जाने की उम्मीद जताई है। उन्होंने कहा कि अभियान दो दिन पूर्व भी क्षेत्र में भारी बर्फबारी और हिमस्खलन के कारण अधिकांश समय बंद ही रहा था। इस अभियान में सेना के जवान और राहत कर्मी शामिल हैं। हिमस्खलन बुधवार को उस समय हुआ जब तिब्बत सीमा से सटे नामिया डोगरी के पास का ग्लेशियर खिसक गया जिसमें नियमित गश्त पर निकले जम्मू और कश्मीर राइफल्स के 16 सैनिकों में से छह बर्फ में दब गए।
आपको बता दें कि इस प्राकृतिक आपदा में आईटीबीपी के पांच जवान भी घायल हो गए। राज्य सरकार की ओर से जारी एक बयान में बताया कि जिस समय हिमस्खलन हुआ तब सेना और आईटीबीपी की दो अलग-अलग पार्टियां नामगिया डोगरी में पेट्रोलिंग कर रही थीं।