विविध भारत

जम्मू: भारतीय वायुसेना का चीता हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त

जम्मू से नियमित उड़ान भरने वाला भारतीय वायुसेना का चीता हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
2 min read
• •
Updated: 24 May 2018, 7:58 AM IST
jammu
जम्मू: भारतीय वायुसेना का चीता हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त

नई दिल्ली। जम्मू से नियमित उड़ान भरने वाला भारतीय वायुसेना का चीता हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। गनीमत ये रही कि दुर्घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। बताया जा रहा है कि दुर्घटना जम्मू के समीप नत्था टॉप पर हुई।

जम्मू से भरी थी उड़ान

वायुसेना के अनुसार हेलीकॉप्टर ने जम्मू से उड़ान भरी थी और नत्था टॉप के लिए जा रहा था। हेलीकॉप्टर में दो पाॅयलट के अलावा दो और लोग भी सवार थे। मिली जानकारी के अनुसार सभी लोग सुरक्षित हैं।

कोर्ट ऑफ इंक्वाइरी के आदेश

दुर्घटना का मुख्य कारण हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी बताई जा रही है। हालांकि मामले पर जांच शुरू करते हुए कोर्ट ऑफ इंक्वाइरी के निर्देश दे दिए गए हैं।

उत्तराखंड के केदारनाथ में भी हुई थी ऐसी ही घटना

बता दें कि इससे पहले भी कई बार वायुसेना के हेलीकॉप्टर दुर्घटना के शिकार हुए हैं। अभी पिछले महीने ही उत्तराखंड के केदारनाथ में भारतीय वायुसेना का एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। ये घटना लैंडिंग के दौरान हुई थी। उस समय इसमें आठ लोग सवार थे।

यह भी पढ़ें-जोधपुर मिग क्रैश: जय हो..! खेतों में काम कर रहे बच्चों ने यूं की थी घायल पायलट की सेवा

महाराष्ट्र की दुर्घटना में महिला को-पायलट की मौत

वहीं कुछ महीने पहले भी महाराष्ट्र में भारतीय तटरक्षक बल का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिसमें महिला को-पायलट के सिर पर गंभीर चोट आई थी। उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया था जहां उनकी मौत हो गई।

लगभग एक साल पहले जून में भी बद्रीनाथ में एक प्राइवेट कंपनी का हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया था, जिसमें एक इंजीनियर की मौत हो गई थी।

Published on: