विविध भारत

इसरो प्रमुख ने किया ऐलान, अपना स्पेस स्टेशन लॉन्च करेगा भारत

अंतरिक्ष में नया रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में इसरो ISRO 10 साल में लॉन्च कर सकता है अपना स्पेस स्टेशन 20 टन वजनी होगा स्पेस स्टेशन, अभी सिर्फ 2 स्टेशन

2 min read
space station
इसरो प्रमुख ने किया ऐलान, भारत कर रहा अपना स्पेस स्टेशन लॉन्च करने की तैयारी

नई दिल्ली। हर रोज अंतरिक्ष में नए रिकॉर्ड बना रहे भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ( इसरो ) ने बड़ा ऐलान किया है। इसरो के अध्यक्ष डॉक्टर के शिवन ( K. Sivan) ने बताया कि भारत अब खुद का स्पेस स्टेशन ( Space Station ) बनाने की तैयारी में है। इससे अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में देश के लिए एक नए युग की शुरुआत होगी।


ISRO 2022 में लॉन्च करेगा मानव मिशन गगनयान, तब होगी आजादी की 75वीं सालगिरह

20 टन वजनी होगा भारत का स्पेस स्टेशन

इसरो प्रमुख ने कहा कि हम अपना खुद का स्पेस स्टेशन स्थापित करने की योजना बना रहे हैं। यह बहुत बड़ा स्पेस स्टेशन नहीं होगा बल्कि 20 टन वजन का छोटा अंतरिक्ष केंद्र होगा। शिवन ने आगे कहा कि हमारा उद्देश्य वहां स्थायी रूप से वैज्ञानिकों को रखना नहीं है। हम प्रयोग को अंजाम देने के लिए अपने मॉड्यूल भेजेंगे। गगनयान मिशन के बाद हम सरकार को अपना प्रस्ताव भेजेंगे।

कब स्थापित होगा भारत का अपना अंतरिक्ष स्टेशन

संगठन के अध्यक्ष डॉ. के शिवन ने बताया कि अगले एक दशक में भारत का अपना स्पेस स्टेशन स्थापित हो सकता है। अंतरिक्ष केंद्र की लागत के बारे में पूछे जाने पर इसरो प्रमुख ने कहा कि अभी उसका आंकलन नहीं किया गया है। इसके साथ ही शिवन ने भी बताया कि अगले दो-तीन साल में इसरो शुक्र पर भी एक यान भेजेगा।

गगनयान के बाद होगा स्पेस स्टेशन पर काम

अंतरिक्ष विभाग के राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि स्पेस स्टेशन की परिकल्पना बेहद शुरुआती दौर में है। दिसंबर 2020 में गगनयान मिशन के बाद इस पर फोकस किया जाएगा और इसलिए अभी इसके बारे में ज्यादा जानकारी देना संभव नहीं है।

अंतरिक्ष में अभी क्या है हाल

अभी अंतरिक्ष में सिर्फ दो स्पेस स्टेशन हैं। पहला संयुक्त प्रोजेक्ट के तहत अमरीका और रूस द्वारा स्थापित इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (आईएसएस) है। 1998 के बाद इससे दुनिया के कई देश जुड़ गए। इसके अलावा 2011 में चीन ने भी अपना स्पेस स्टेशन तियांगोंग-1 लॉन्च किया था, जो पिछले साल नष्ट हो गया। इसी दौरान 2016 में एक दूसरा स्पेस स्टेशन भी चीन ने स्थापित किया था। अब 2022 में चीन एक अन्य स्टेशन लॉन्च करने की तैयारी में है।

Updated on:
13 Jun 2019 10:33 pm
Published on:
13 Jun 2019 06:11 pm