बिशप पर 13 बार रेप का आरोप लगाने वाली नन को वेश्या कहकर विवादों में आए केरल से विधायक पीसी जॉर्ज ने एकबार फिर कुछ ऐसा कह दिया है कि सुर्खियों में आ गए हैं।
नई दिल्ली। केरल की रेप पीड़ित नन पर विवादित बयान देकर चर्चा आ चुके निर्दलीय विधायक पीसी जॉर्ज ने फिर कुछ ऐसा कहा है कि सुर्खियों में आ गए हैं। जॉर्ज ने दावा किया है कि उनके पास नन की ऐसी तस्वीरें और वीडियो है, जिसमें वे बहुत खुश नजर आ रही है। बता दें कि नन के साथ दुष्कर्म के आरोपी रोमन कैथोलिक डायोसिस के बिशप फ्रैंको मुलक्कल को पुलिस ने देर रात गिरफ्तार कर लिया है। कोट्टयम के पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने बताया कि गिरफ्तारी के 24 घंटे के अंदर ही उनकी कोर्ट में पेशी होगी। गिरफ्तारी के बाद कैथोलिक बिशप कॉन्फ्रेंस ने कहा कि हमें कानून पर पूरा भरोसा है, मामले में न्याय होगा।
बिशप के साथ खुश नजर आ रही थी नन: पीसी जॉर्ज
जालंधर के बिशप फ्रैंको मुलक्कल की गिरफ्तारी से पहले पीसी जॉर्ज ने कहा कि मेरे पास घटना से ठीक एक दिन पहले के कुछ हैरान कर देने वाले वीडियोज और तस्वीरें हैं, जिसमें आरोप लगाने वाली नन बिशप के साथ नजर आ रही है। मैं कानूनी बाध्यता की वजह से तस्वीरें दिखा नहीं सकता लेकिन इसमें बिशप के साथ नन बहुत खुश दिख रही है। इस आधार पर मैं कह रहा हूं कि जांच टीम फ्रैंकों मुलक्कल को बेवजह फंसाने की कोशिश कर रही है। जॉर्ज ने दावा किया है कि नन रेप केस की जांच कर रही टीम ने फोटोग्राफर को धमकाया है और उसे यह बयान देने पर मजबूर किया है कि, घटना के अगले दिन नन बहुत दुखी और उदास दिख रही थी।
आरोप लगाने वाली नन को वेश्या कह चुके हैं जॉर्ज
बता दें कि केरल से निर्दलीय विधायक पीसी जार्ज इससे पहले ही नन पर विवादित बयान दे चुके हैं। जार्ज ने कुछ समय पहले कहा था कि किसी को शक नहीं है कि नन एक वेश्या है। 12 बार उसने इसका आनंद लिया और तेरहवीं बार ये रेप हो गया? उसने पहली बार में ही इस बात की शिकायत क्यों नहीं की?
नन ने बिशप पर लगाया था 13 बार रेप का आरोप
रेप के आरोपी बिशप से कोच्चि पुलिस लगातार तीन दिन तक पूछताछ करने के बाद शुक्रवार की रात गिरफ्तार कर लिया। केरल की एक नन ने मुलक्कल पर 2014 से 2016 के बीच लगातार 13 दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। मामले का खुलासा होने के बाद से वे फरार हो गए थे। इससे पहले आरोपी मुलक्कल को जांच पूरी होने तक पद से हटा दिया गया था। पद से हटाए जाने पर फैंक्रो ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वो उसके और पीड़ित नन के लिए दुआ करें...ताकि दैवीय हस्तक्षेप उनके दिल में परिवर्तन ला सके...और सच्चाई सामने आ सके।
पद से हटाए गए तो बोले- भगवान करेगा न्याय
बिशप फ्रैंको ने डिप्टी बिशप को पदभार सौंपने से पहले कहा कि वह सबकुछ भगवान के ऊपर छोड़ रहे हैं। इसलिए जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती तब तक उनके स्थान पर मैथ्यू कोक्कणम प्रांत के बिशप होंगे। मुलक्कल खुद को लगातार निर्दोष बताते हैं और झूठे केस में फंसाने की बात कह रहे हैं।
नन ने लगाया 14 बार यौन उत्पीड़न का आरोप
केरल पुलिस अधिकारियों के एक दल ने एक जुलाई को को यौन उत्पीड़न मामले में एक कैथलिक नन का बयान दर्ज किया। नन ने एक बिशप पर लगातार यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। उप पुलिस अधीक्षक की अगुवाई में पुलिस दल ने कोट्टायम के समीप कुराविलांगड स्थित एक कान्वेंट में नन का बयान दर्ज किया। नन ने आरोप लगाया है कि पंजाब के जालंधर के रोमन कैथलिक डाइअसिस के बिशप फ्रैंको मुलक्कल ने वर्ष 2014 से वर्ष 2016 के बीच 14 बार उनका यौन उत्पीड़न किया। बिशप ने इन आरोपों से इनकार किया। उन्होंने कहा है कि उन्हें नन के खिलाफ कार्रवाई करने के कारण फंसाया जा रहा है। मुलक्कल ने अपनी सफाई में उस वक्त कहा था कि यह समस्या 2016 में तब शुरू हुई जब उन्हें नन के खिलाफ एक शिकायत पर कार्रवाई की।