
नई दिल्ली। भारत में कोविद-19 मरीजों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी को देखते हुए भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद ( ICMR ) ने कोरोना टेस्ट की संख्या बढ़ाने के लिए नेशनवाइड पूल टेस्टिंग को अपनी मंजूरी दे दी है। आईसीएमआर के इस निर्णय के बाद हॉटस्पॉट टेस्टिंग के साथ क्लस्टर एरिया व ग्रामीण क्षेत्रों में भी कोरोना टेस्ट का रास्ता साफ हो गया है।
पूल टेस्टिंग की शुरुआत मंगलवार को उत्तर प्रदेश से हो चुकी है। पूल टेस्टिंग करने वाला यूपी देश का पहला राज्य बन गया है। अब पूल टेस्टिंग का काम देश के सभी राज्यों में होगा। अभी तक देश भर में उपलब्ध 200 लैबों में एंटीबॉडी टेस्ट किट के जरिए कोरोना टेस्ट होता रहा है। ये लैब आईसीएमआर, केंद्र और राज्य सरकारों सहित निजी लैब संस्थानों के हैं। 200 में से 123 लैब राज्य सरकारों, 49 निजी लैब व अन्य लैब आईसीएमआर व केंद्र सरकार के हैं।
आईसीएमआर के इस निर्णय से साफ है कि आगामी एक सप्ताह भारत के लिए कोरोना मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी के लिहाज से काफी महत्वूपर्ण होगा। इस बात का संकेत मंगलवार को सुबह दस बजे देश के नाम संबोधन में पीएम नरेंद्र मोदी भी दे चुके हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक अब कोरोना टेस्ट वहां पर भी हो पाएगा जहां पर अभी तक शुरू नहीं हो सका है। पूल टेस्टिंग से ज्यादा से ज्यादा मरीजों की जांच हो सकेगी।
कोरोना टेस्ट की संख्या को बढ़ावा देने के लिए बहुत जल्द आईसीएमआर 10 लाख आरटी—पीसीआर किट मिलने वाले हैं। इसके साथ ही 5 लाख एंटीबॉडी टेस्ट भी एक दो दिन में मिलने वाला है। कुल मिलाकर आईसीएमआर के पास दोनों मिलाकर आगामी कुछ दिनों में 15 लाख टेस्ट किट कोरोना जांच के लिए उपलब्ध होंगे।
गौरतलब है कि भारत में हवाई अड्डे 15 लाख 24 हजार 266 यात्री स्क्रिन टेस्ट के प्रोसेस गुजर चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय वेबसाइट के मुताबिक 8988 कोरोना संक्रमित मरीजों का इलाज देश के विभिन्न अस्पतालों में जारी है। 1035 कोरोना मरीजों को उपचार के बाद घर वापस भेज दिया गया है। अभी तक कोरोना वायरस से 339 मरीजों की मौत हुई है।
पूल टेस्टिंग
दरअसल, पूल टेस्टिंग तकनीक के तहत एक-एक टेस्टिंग के बजाय एक बार में 8, 10, 16 या 32 नमूने लिए जा सकते हैंं। सभी सैंपल को मिक्स कर रिपोर्ट तैयार होती है। अगर रिपोर्ट निगेटिव है तो जांच नहीं होती। पॉजिटिव आने पर हर व्यक्ति का अलग—अलग टेस्ट होता है। यह तकनीक वहां पर काफी कारगर है जहां पर कोरोना संक्रमण की सिर्फ आशंका होती है।