
नई दिल्ली। महाराष्ट्र में चल रही मराठा क्रांति मोर्चा की आग शांत होने का नाम नहीं ले रही है। सोमवार को भी इस पर काफी बवाल हुआ। जिसे लेकर महाराष्ट्र की सरकार भी घेरे में आ गई। इसी के चलते महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार से शुरू हुई वार्षिक पंढरपुर यात्रा में हिस्सा नहीं लिया है।
अब खबर है कि महाराष्ट्र सरकार ने मराठा क्रांति मोर्चा की ज्यादातर मांगों को मान लिया है। लेकिन इसके बावजूद आरक्षण की मांग को लेकर नाराज मराठा मोर्चा ने मंगलवार को महाराष्ट्र बंद की धमकी दी है। बताया जा रहा है कि आज के बंद में मुंबई, सातारा, सोलापुर और पुणे शहर शामिल नहीं हैं। मराठा मोर्चा के समन्वयक वीरेंद्र पवार ने बताया कि पंढरपुर से दर्शन कर मुंबई लौट रहे भक्तों को सुविधा देने के लिहाज से ऐसा किया किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने बताया कि मुंबई में बंद का ऐलान बुधवार को किया जाएगा।
बता दें कि सोमवार को सीएम फडणवीस ने महाराष्ट्र के ग्रामीण इलाकों में चल रहे मराठा आंदोलन के दौरान हिंसा की आशंका को देखते हुए अपनी यात्रा रद्द कर दी थी। खबर थी कि मराठा क्रांति मोर्चा के लोग सीएम को घेरने की योजना बना रहे हैं। जिसके बाद से करीब 20 सदस्यों को एहतियाती तौर पर हिरासत में लिया गया था।
सीएम फडणवीस सोमवार को पुणेके चिंचवड इलाके में 'क्रांतिवीर चापेकर राष्ट्रीय संग्रहालय' के भूमि पूजन सहित कई समारोह में शिरकत करने वाले थे।
बता दें कि सरकारी नौकरियों और शिक्षा में आरक्षण की मांग को लेकर मराठा समुदाय द्वारा काफी समय से प्रदर्शन चल रहा है।
इस मामले पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में कहा था कि अगर बंबई उच्च न्यायालय मराठा समुदाय के लिए आरक्षण की अनुमति देता है तो 72 हजार रिक्त पदों को भरते वक्त 16 प्रतिशत पद समुदाय के लोगों के लिए आरक्षित किए जाएंगे। लेकिन अभी तक मांगे पूरी नहीं हो पाई जिसके चलते मराठा समुदाय प्रदर्शन पर उतर आया है।