दक्षिण भारत में दिखेगा चक्रवात डाई का असर। कर्नाटक, आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु समेत कई राज्यों में दिखेगा असर। केरल में अब हाई अलर्ट।
नई दिल्ली। पिछले कुछ दिनों से मौसम का बदला मिजाज अब कमजोर होता नजर आ रहा है। हालांकि देश के कई इलाके अब भी भारी बारिश की मार झेल रहे हैं। लेकिन ये दौर अब ज्यादा दिन चलने वाला नहीं है। मौसम विभाग की माने तो सितंबर के साथ ही मानसून की रफ्तार भी धीमी पड़ जाएगी। हालांकि पिछले 24 घंटों में मानसून ने कई राज्यों में जमकर कहर बरपाया है। इनमें कर्नाटक, महाराष्ट्र, पंजाब, हिमाचल प्रदेश प्रमुख रूप से शामिल हैं। मौसम विभाग की मानें तो शुक्रवार और शनिवार को देश के कई राज्यों में भारी बारिश हो सकती है।
बेंगलूरु जमकर बरसे बदरा
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु और इसके आसपास के जिलों में भारी बारिश से जनजीवन काफी प्रभावित हुआ है। गुरुवार को कई इलाकों में जलभराव से सामान्य जनजीवन बाधित रहा। कर्नाटक राज्य प्राकृतिक आपदा निगरानी केंद्र (केएसएनडीएमसी) ने कहा कि पिछले 24 घंटे में शहर में 6.6 सेंटीमीटर तक की बारिश दर्ज की गई है, जिससे शहर की कई मुख्य सड़कें जलमग्न हो गई हैं और वाहनों की आवाजाही बाधित हुई है। मुख्यमंत्री एच. डी. कुमारस्वामी ने नगर निगम अधिकारियों को किसी भी दुर्घटना को लेकर हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है। कुमारस्वामी के कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया, बारिश और हवाएं अगले दो दिनों में और तेज होंगी। इसलिए निचले इलाके में रहने वाले लोगों को सतर्क रहना होगा।
हिमाचल में जारी है तबाही
हिमाचल बारिश ने जरूर रफ्तार कम की है लेकिन तबाही यहां बदस्तूर जारी है। बारिश थमने के बाद अब भूस्खलन ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। चंबा जिला के कैंथली गांव में घर के आगे की दीवार भूस्खलन से 20 मीटर टूट गई जिसके चलते घरों में दरारें पड़ गई। भूस्खलन से चार घरों को खतरा पैदा हो गया है। आपको बता दें कि चार दिन पहले भारी बारिश के चलते कई जगह भूस्खलन की घटनाएं सामने आई थी लेकिन अब साफ मौसम ने तांडव मचाना शुरू कर दिया है। जैसे-जैसे मौसम साफ हो रहा है, वैसे-वैसे भूस्खलन का सिलिसला जारी है।
महाराष्ट्र में भी झमाझम
पिछले कुछ दिनों से मुंबई में भीषण गर्मी का सामना कर रहे मुंबईकरों को गुरुवार शाम को काफी राहत मिली। मुंबई सहित नवी मुंबई के कई इलाकों में ठंडी हवाओं के साथ बारिश हुई। आपको बता दें कि मौसम विभाग ने कुछ दिन पहले घोषणा की थी कि 27 और 28 सितंबर को मुंबई सहित महाराष्ट्र के विदर्भ और मराठवाड़ा में बारिश हो सकती है। दरअसल अरब समुद्र में हवा का कम दबाव बनने से बारिश वाली स्थिति बनी है। बुधवार रात से ही मुंबई और आसपास के इलाकों पर काले बादल छाए हुए थे, जिसके बाद गुरुवार शाम तक बारिश होने लगी।
आज इन इलाकों में बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण भारत के कुछ इलाकों जैसे कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्रप्रदेश और केरल में बारिश अपना असर दिखा सकती है। इसके अलावा तटीय इलाकों में अब भी भारी बारिश की संभावना बनी हुई है, इसमें प. बंगाल, गोवा, कोंकण शामिल हैं। इसके अलावा असम, मेघालय और सिक्किम में भी जेतावनी जारी की गई है। पहाड़ी इलाकों में हिमाचल प्रदेश में अभी भी दो दिन का अलर्ट जारी किया गया है। जबकि मैदानी इलाकों की बात करें तो मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में मानसून का अंतिम पड़ाव रंग दिखा सकता है।
दिल्ली-एनसीआर समेत यहां बढ़ेगा पारा
मौसम की जानकारी देने वाली निजी संस्थान स्काइमेट के मुताबकि दिल्ली-एनसीआर समेत हरियाणा और पंजाब में आज मौसम गर्म रहेगा। यहां पिछले दो दिन के मुकाबले पारा बढ़ेगा।