
मुंबई। तीन साल पहले खारघर से लापता हुई लड़की को मुंबई पुलिस की मानव तस्कर रोधी सेल ने ढूंढ निकाला है। रोचक बात यह है कि 20 साल की इस लड़की को फेसबुक अकाउंट की मदद से ढूंढा गया है। उल्लेखनीय है कि यह महिला अप्रैल 2015 में एक आश्रम से लापता हो गई थी। सेल के सब-इंस्पेक्टर ने संजय क्षीरसागर के मुताबिक, 'यह स्पष्ट नहीं हुआ कि लड़की आश्रम से किडनैप हुई थी या उसने खुद आश्रम छोड़ा था। इस संबंध में खारघर पुलिस ने किडनैपिंग का एक केस दर्ज किया था।'
पहले दिल्ली गई, फिर मुंबई लौटी
उन्होंने बताया, 'कुछ हफ्तों पहले उसकी खोज में हमने एक अकाउंट में उसकी फोटो देखी। मौजूद जानकारियों के तकनीकी विश्लेषण के बाद हमें उनकी लोकेशन बांद्रा में मिली। पुलिस ने इससे पहले संदेह जताया था कि उसे अनैतिक काम करने के लिए जबर्दस्ती धकेला जा रहा है। उन्होंने कहा, 'हम उससे अकेले में मिले। हमें पता चला कि वो एक एनजीओ के लिए काम कर रही थी।' पुलिस ने बताया कि लड़की ने नाखुश होने की वजह से खारघर आश्रम छोड़ा था। इसके बाद वो दिल्ली चली गई और दो साल वहां काम किया।
'लड़की के साथ कुछ भी गलत काम नहीं हुआ'
पुलिस के मुताबिक, 'दिल्ली में लड़की की मुलाकात एक महिला से हुई और उसी ने उसे एनजीओ के लिए काम करने का मौका दिया।' मुंबई पुलिस ने कहा कि अब वो 20 साल की है और अपना भविष्य खुद तय कर सकती है। इसलिए उसे वापस खारघर नहीं लाया गया। लेकिन पुलिस जांच में पता चला है कि उसके साथ कुछ भी गलत नहीं हुआ है।