
नई दिल्ली। घाटी में आतंकवादी गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए सरकार ने अपनी कमर कस ली है। कश्मीर में पिछले कई समय से हो रही आतंकवादी और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सरकार ने घाटी में कई चैनलों को बैन करने का आदेश दे दिया है।
सरकार ने निर्देश दिए हैं कि कश्मीर में आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देने और घाटी के युवाओं को भड़काने वाले पाकिस्तानी और इस्लामिक चैनलों को अब कश्मीर में प्रसारित नहीं किए जाएंगे। सरकार का कहना है कि ऐसे चैनल कश्मीर में शांति और अमन को भंग कर रहे हैं, साथ ही घाटी के युवाओं को भी उकसाते हैं। सरकार ने केबल ऑपरेटरों को आदेश दिया है कि वो ऐसे पाकिस्तानी और इस्लामिक चैनलों को अत्यंत प्रभाव से बंद करें। बता दें कि इनमें लगभग 30 चैनलों के नाम शामिल हैं।
गौरतलब है कि गृह विभाग ने इस मामले में आदेश भी जारी किए हैं और कहा कि ऐसे 30 से अधिक चैनलों की पहचान की गई है, जिनमें इस तरह के भड़काऊ कार्यक्रम प्रसारित होते हैं। साथ ही गृह विभाग ने ये भी बताया कि इनका प्रसारण पाक और खाड़ी देशों से होता है।
जानकारी है कि इस बाबत बुधवार को घाटी के केबल ऑपरेटर्स की एक मीटिंग होनी है। जिसमें आगे की रणनीति पर चर्चा होगी। खबर है कि कश्मीर में इन चैनलों का व्यूअसरशिप बहुत ज्यादा है और इन पर भारत-विरोधी प्रॉपगैंडा का प्रसारण होता है जिसकी वजह से घाटी में सुरक्षा बलों पर पथराव व हमले सहित भारत विरोधी गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है।
आपको बता दें कि घाटी में इन चैनलों का प्रसारण निजी केबल ऑपरेटर्स के जरिए ही होता है। हालांकि यहां भी टाटा स्काई, एयरटेल डिजिटल टीवी और डिश टीवी मौजूद हैं, पर स्थानीय लोग प्राइवेट केबल ऑपरेटर्स को प्रमुखता देते हैं।