
नई दिल्ली। भारत ने एंटीगुआ एवं बरबुडा से पंजाब नेशनल बैंक धोखाधड़ी मामले के आरोपी मेहुल चोकसी को हिरासत में लेने की मांग की है ताकि वह देश छोड़कर भाग न पाए। विश्वस्त सूत्रों ने सोमवार को बताया कि विदेश मंत्रालय ने एंटीगुआ एवं बरबुडा सरकार से चोकसी के उनके देश में होने के बारे में पुष्टि करने को कहा है।
भारतीय उच्चायुक्त ने की मुलाकात
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, 'भारतीय उच्चायुक्त की एंटीगुआ एवं बरबुडा सरकार के संबद्ध अधिकारी से सोमवार को मुलाकात हुई है। भारत लगातार सरकारी एजेंसियों और सरकार के संपर्क में हैं।' पंजाब नेशनल बैंक के 13,500 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी मामले में वांछित चोकसी ने स्वीकार किया है कि उसने पिछले साल एंटीगुआ की नागरिकता ली थी। पीएनबी धोखाधड़ी मामले में चोकसी के साथ उसका भतीजा नीरव मोदी भी आरोपी है।
मेहुल ने अखबार के जरिए दी थी सफाई
अपनी एंटीगुआ बारबुडा की नागरिकता के बारे में मेहुल चोकसी ने सफाई भी दी थी। चोकसी के वकील डेविड डोरसेट ने एक विदेशी अखबार को बताया था, 'चोकसी ने कहा कि उसके ऊपर भारत सरकार के द्वारा लगाए गए आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है।' चोकसी ने दावा किया था कि उसने कानूनन एंटीगुआ और बारबुडा की नागरिकता के लिए निवेश के बदले नागरिकता नियम के तहत आवेदन दिया है। नियम के मुताबिक मेरी याचिका के लिए उसने हर विधिक नियम को पूरा किया है। नागरिकता के लिए मेरा आवेदन भी कानून के मुताबिक ही पूरा और मंजूर किया गया है।
सबसे शक्तिशाली पासपोर्ट है चोकसी के पास
प्राप्त जानकारी के मुताबिक मेहुल चोकसी ने नवंबर 2017 में एंटीगुआ की नागरिकता हासिल कर ली थी। एंटीगुआ और बारबुडा का पासपोर्ट दुनिया के कुछ चुनिंदा सबसे शक्तिशाली पासपोर्ट में से एक है, क्योंकि इसके जरिए वैध वीजा के साथ 132 देशों की यात्रा की जा सकती है।