नई दिल्ली। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के 13 हजार करोड़ रुपए से अधिक के घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। ईडी की ओर से मुंबई की विशेष अदालत में दाखिल की गई चार्जशीट में कहा गया है कि इस घोटाले का मास्टरमाइंड नीरव मोदी नहीं कोई और शख्स है। ईडी ने अपनी चार्जशीट में कहा है कि इस घोटाले का मास्टरमाइंड कोई और नहीं बल्कि नीरव का मामा मेहुल चोकसी है। चार्जशीट के अनुसार मेहुल ने ही इस घोटाले को अंजाम देने के लिए पूरी योजना बनाई और आयात-निर्यात के बहाने घोटाले की रकम को ठिकाने लगाया। ईडी ने कहा है कि इस घोटाले को अंजाम देने के लिए जिन कंपनियों का इस्तेमाल किया गया, इनके डायरेक्टर और पार्टनर पूरी तरह से डमी थे। घोटाले को अंजाम देने के लिए सारे फैसले मेहुल चोकसी ने ही लिए थे।