
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने बड़ा बयान दिया है।
उन्होंने कहा कि वो जम्मू-कश्मीर राज्य के विकास और प्रगति के लिए काम करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। राज्यपाल सत्यपाल मलिक इस दौरान पाक अधिकृत कश्मीर को लेकर भी बोलना नहीं भूले।
उन्होंने कहा कि वो युद्ध का समर्थन नहीं करते।
राज्यपाल मलिक ने कहा कि उनका लक्ष्य विकास के माध्यम से पीओके को वापस हासिल करना है।
सत्यपाल मलिक ने पाक अधिकृत कश्मीर के लोगों को सलाह देते हुए कहा कि उनको अपनी मर्जी से जम्मू कश्मीर में विलय का विकल्प चुनना चाहिए।
आपको बता दें कि इससे पहले जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने कहा था कि राज्य में 'लंबे समय तक रही तथाकथित लोकप्रिय सरकार' की तुलना में केंद्रीय शासन के दौरान ज्यादा विकास हुआ है।
उन्होंने कहा था कि आपके राज्यपाल शाम में न तो गोल्फ खेलते हैं और न ही शराब पीते हैं। मैं अपना पूरा समय लोगों की समस्या सुनने में बिताता हूं।
राज्यपाल के अनुसार जम्मू एवं कश्मीर देश में एक मात्र प्रदेश है, जिसके लिए एक वर्ष में आठ नए मेडिकल कॉलेज आवंटित किए गए।
हम अस्पताल और फैकल्टी दोनों स्तर पर मेडिकल कर्मचारियों की समस्याओं से निपटने के लिए 800 नए डॉक्टरों की बहाली कर रहे हैं।