विविध भारत

पंजाब: एसजीपीसी का चुनाव आज, जाने किसके सिर सजेगा प्रधान का ताज

शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) का आज यानी मंगलवार का चुनाव होना है। इससे एक दिन पहले शिरोमणि अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने पार्टी के सदस्यों की बैठक ली।
2 min read
• •
Updated: 13 Nov 2018, 1:43 PM IST
Shiromani Gurdwara Parbandhak Committee
पंजाब: एसजीपीसी का चुनाव आज, जाने किसके सिर सजेगा प्रधान का ताज

नई दिल्ली। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) का आज यानी मंगलवार का चुनाव होना है। इससे एक दिन पहले शिरोमणि अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने पार्टी के सदस्यों की बैठक ली। दरअसल, मौजूदा समय में अकाली दल में बगावती सुर उठ रहे हैं, लेकिन एसजीपीसी के इजलास में 'बगावती तेवर' नजर न आने की संभावना जताई जा रही है। आपको बता दें कि 1996 में अलविंदरपाल सिंह पखोके तरतनारन से एसजीपीसी का पहला चुनाव लड़े और सफल रहे। बताया जाता है कि पखोके को उनके मामा जत्थेदार रंजीत सिंह ब्रह्मपुरा के प्रयासों से टिकट मिली थी।

वहीं, सूत्रों की मानें तो भाई गोबिंद सिंह को फिर से एसजीपीसी के प्रधान की सेवा सौंपी जा सकती है। इसका सबसे बड़ा कारण यह है कि एक साल के कार्यकाल में लौंगोवाल की वजह से अकाली नेतृत्व को किसी संकट का सामना नहीं करना पड़ा। अकाली दल के कुछ टकसाली नेतृत्व के साथ पैदा हुए विवाद के बाद खुद पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर बादल भी फिलवक्त एसजीपीसी चुनाव में कोई गड़बड़ी नहीं चाहते।

आपको बता दें कि भाई लौंगोवाल ने अपने कार्यकाल में कमेटी के सभी सदस्यों के साथ मधुर तालमेल रखा है। इसके साथ ही वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए अलविंदर पल सिंह पखोके का नाम सबसे आगे चल रहा है। इसकी सबसे बड़ी वजह सुखबीर बादल माझे के टकसाली नेताओं डॉ. रतन सिंह अजनाला और रणजीत सिंह ब्रह्मपुरा को अलग थलग करना है।

दरअसल, मंगलवार को होने वाले चुनाव के लिए सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। यह चुनाव शिरोमणि कमेटी के मुख्यालय तेजा सिंह समुंदरी हॉल में संपन्न कराया जाएगा। चुनाव में साधारण सभा के 170 चुने सदस्य और 15 मनोनीत सदस्य प्रधान का चुनाव करेंगे।

Published on: